

यूपी में आज होने वाले विधन परिषद चुनाव से पहले बीती रात बाराबंकी में भाजपा और सपा के नेता और कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. लखपेड़ाबाग चौराहे पर देर रात चुनावी बूथ लगाने को लेकर दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता भिड़ गए. करीब 11:30 बजे शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तीखी बहसबाजी में बदल गया.
भाजपा नेताओं का आरोप है कि सपा कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति उनकी जगह पर चुनावी एजेंटों का बूथ लगा दिया. वहीं, सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में उनके एजेंटों का बूथ जबरन हटवाया गया. विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही दोनों दलों के वरिष्ठ नेता मौके पर पहुंच गए.
भाजपा की ओर से जिला उपाध्यक्ष जंग बहादुर पटेल, राकेश पटेल और रोहित सिंह समेत कई नेता पहुंचे थे. जबकि सपा की ओर से जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज, प्रीतम सिंह और आशीष सिंह आर्य सहित कई नेता मौके पर मौजूद रहे.
दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया. दरअसल, लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक MLC चुनाव में भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला है.
भाजपा ने वर्तमान MLC इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है, जबकि सपा ने पूर्व MLC श्रीमती कांति सिंह पटेल को मैदान में उतारा है. मतदान से ठीक पहले बूथ को लेकर हुए इस विवाद ने बाराबंकी का सियासी माहौल गरमा दिया है. अब सबकी नजरें मतदान और चुनावी नतीजों पर टिकी हैं.
इनपुट- बाराबंकी से सरफराज वारसी





