
बृहत्पाराशर होरा शास्त्र, मुहूर्त चिंतामणि तथा पारंपरिक ज्योतिष सिद्धांतों के अनुसार मंगलवार मंगल ग्रह का दिन माना जाता है. मंगलवार का स्वामी मंगल ग्रह है, जो साहस, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की शक्ति और प्रतिस्पर्धा का कारक माना जाता है. इसी आधार पर ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास मंगलवार को इंटरव्यू में सफलता के लिए कुछ उपाय करने की सलाह देते हैं.

अगर आपका इंटरव्यू तकनीकी कौशल, प्रशासनिक क्षमता, पुलिस, सेना, इंजीनियरिंग, खेल, रियल एस्टेट या मैनेजमेंट से जुड़े पद के लिए हैं, तो मंगलवार का दिन इंटरव्यू के लिए विशेष रूप से अनुकूल माना जाता है.

इंटरव्यू वाले दिन सुबह एक ताजा नींबू लें और उसमें चारों दिशाओं में चार साबुत लौंग लगा दें. इसके बाद किसी हनुमान मंदिर जाकर बजरंगबली के समक्ष बैठें और श्रद्धापूर्वक ‘ॐ श्री हनुमंते नमः’ मंत्र का 108 बार जाप करें. प्रार्थना के बाद उस नींबू को अपने साथ रखने की मान्यता है. माना जाता है कि इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और कार्यों में सकारात्मकता आती है.

इंटरव्यू देने से पहले घर पर हनुमान चालीसा का श्रद्धापूर्वक पाठ करें. इंटरव्यू के दिन लाल या केसरिया रंग के वस्त्र अथवा इन्हीं रंगों का कोई छोटा-सा हिस्सा, जैसे टाई, दुपट्टा या रुमाल, अपने साथ रखना भी शुभ माना जाता है. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार ये रंग ऊर्जा, आत्मबल और साहस का प्रतिनिधित्व करते हैं तथा भगवान हनुमान से जुड़े माने जाते हैं.

घर से निकलने से पहले थोड़ा-सा गुड़ और भुना चना ग्रहण करना शुभ माना जाता है. यदि संभव हो, तो रास्ते में किसी गाय को आटे के पेड़े में गुड़ रखकर अपने हाथों से खिलाएं. यह उपाय मंगल ग्रह की शुभता बढ़ाने और शुभ फल प्राप्त करने से जुड़ा माना जाता है.

वास्तु शास्त्र के अनुसार किसी भी महत्वपूर्ण कार्य में सफलता केवल बाहरी तैयारियों से नहीं, बल्कि मन की स्पष्टता और व्यवस्थित जीवनशैली से भी जुड़ी होती है. इसलिए इंटरव्यू पर जाने से पहले अपने मन को शांत रखें, सकारात्मक सोच बनाए रखें और आवश्यक दस्तावेजों को पहले से व्यवस्थित कर लें. आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण सफलता की संभावना को और मजबूत बनाते हैं.
Published at : 14 Jul 2026 05:50 AM (IST)


