
ओमान तट के पास तेल टैंकर पर हुए हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के 23 वर्षीय नाविक आदित्य शर्मा की मौत हो गई. आदित्य जहाज पर डेक कैडेट के रूप में तैनात थे और अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे. घटना की खबर मिलते ही उनके गांव हड़ेटा में शोक की लहर दौड़ गई है.
सूत्रों के अनुसार, हमले के समय जहाज पर 24 भारतीय जवान और कर्मी मौजूद थे. इनमें से 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि आदित्य शर्मा समेत तीन लोगों की मौत हो गई या वो लापता हैं. परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से आदित्य का पार्थिव शरीर शीघ्र भारत लाने की अपील की है.
Kangra News: जंगल की भीषण आग ने घेरा मां नैना देवी मंदिर, 350 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला
परिवार गहरे सदमे में, जांच की मांग
परिजनों ने बताया कि आदित्य जल्द ही घर आने वाले थे, लेकिन अचानक यह दुखद समाचार आ गया. आदित्य के चाचा संजीव लखनपाल ने कहा कि पूरा परिवार गहरे सदमे में है. उन्होंने हमले के समय जहाज की स्थिति और जिम्मेदार परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
आदित्य के दादा अशोक कुमार ने कहा, “हमारा इकलौता पोता अब इस दुनिया में नहीं रहा. यदि कहीं लापरवाही हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो.” पिता राजेश शर्मा ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए पार्थिव शरीर शीघ्र लाने की अपील की. आदित्य के चचेरे भाई सुरेश शर्मा ने बताया कि परिवार को बीती रात घटना की जानकारी मिली. उन्होंने भी सरकार से पार्थिव शरीर को शीघ्र लाने की मांग की.
हड़ेटा गांव का यह होनहार युवक समुद्री सेवा में अपना भविष्य संवार रहा था, लेकिन एक दर्दनाक घटना ने परिवार की सारी उम्मीदें छीन लीं। परिजन अब सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच और पार्थिव शरीर शीघ्र लाने की मांग कर रहे हैं.
हिमाचल कांग्रेस में चला अनुशासन का डंडा! पूर्व विधायक नीरज भारती विवाद पर हुई अहम बैठक