

घर में पड़ी खाली कांच की बोतलों को लोग कचरा समझते हैं और कबाड़ी वाले को ऐसे ही 1-2 रुपये में बेच देते हैं, लेकिन खाली कांच की बोतल सिर्फ कचरा नहीं हैं, बल्कि उनसे आप बेहद खूबसूरत DIY डेकोरेशन आइटम भी बना सकते हैं. इन दिनों एक ट्रेंड काफी पसंद किया जा रहा है, जिसमें पुरानी कांच की बोतलों को तोड़कर उनके टुकड़ों को सीमेंट या कंक्रीट में मिलाया जाता है. इससे चमकदार और सुंदर पेवर्स यानी फर्श या गार्डन में इस्तेमाल होने वाली टाइलें तैयार होती हैं, जो देखने में महंगी टेराजो टाइल्स जैसी लगती हैं, लेकिन उनकी लागत काफी कम होती है. यह एक ऐसा आसान वीकेंड DIY प्रोजेक्ट है, जो कबाड़ में पड़ी खाली बोलतों के इस्तेमाल से आपके घर, गार्डन पाथवे, आंगन या बॉर्डर को भी खूबसूरत बना सकता है. अगर, आप भी पुरानी कांच की बोतलों से कम खर्च में शानदार और यूनिक पेवर्स बनाना चाहते हैं, तो चलिए जानते है इसे बनाने की आसान स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया किया है.
रंगीन कांच वाली बोतलें चुनें
सबसे पहले घर में मौजूद खाली कांच की बोतलों को इकट्ठा करें. कोशिश करें कि सिर्फ क्लियर बोतलों के बजाय रंगीन कांच वाली बोतलें चुनें. हरे, भूरे या नीले रंग का कांच सीमेंट में जमने के बाद ज्यादा खूबसूरत और आकर्षक दिखाई देता है. अगर आपके पास पर्याप्त बोतलें नहीं हैं, तो आप आसपास के कैफे, रेस्टोरेंट या स्थानीय रीसाइक्लिंग सेंटर से भी खाली बोतलें ले सकते हैं. अक्सर ये जगहें ऐसी बोतलें रीसाइक्लिंग के लिए भेजती हैं, इसलिए वे उन्हें देने में खुशी महसूस करती हैं.
कांच तोड़ने के लिए सेफ जगह देखें
कांच तोड़ने से पहले सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें. अपनी आंखों की सुरक्षा के लिए सेफ्टी गॉगल्स पहनें, हाथों में कट-रेजिस्टेंट दस्ताने लगाएं और धूल या छोटे कांच के कणों से बचने के लिए मास्क जरूर पहनें. कांच टूटने पर उसके छोटे और नुकीले टुकड़े दूर तक जा सकते हैं. अब एक समय में एक बोतल को किसी मजबूत मेटल के कंटेनर में रखें. इसके ऊपर एक कार्डबोर्ड का टुकड़ा रखें और पूरे कंटेनर को मोटे कपड़े या पुराने तकिए के कवर में लपेट दें. ऐसा करने से कांच टूटने पर उसके टुकड़े इधर-उधर नहीं बिखरेंगे और सेफटी भी रहेगी.
कांच की बोतलों को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ें
सुरक्षा के लिए दस्ताने और चश्मा पहन लें और बोतल को किसी मजबूत कपड़े या बैग में रखकर धीरे-धीरे हथौड़े से थपथपाएं. बोतल को बिल्कुल पाउडर बनाने की जरूरत नहीं है, बल्कि छोटे और संभालने लायक टुकड़े ही इस प्रोजेक्ट के लिए सबसे अच्छे रहते हैं. आमतौर पर एक कांच की बोतल से 2 से 3 पेवर्स बनाने लायक कांच मिल जाता है. अगर टूटे हुए कांच को संभालना आपको जोखिम भरा लगता है, तो इसकी जगह कांच की मार्बल्स या बाजार में मिलने वाला सी-ग्लास भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे भी पेवर्स को सुंदर और चमकदार लुक मिलेगा.
कांच के टुकड़ों को कंक्रीट मिक्स में मिलाएं
कांच तैयार होने के बाद रेत, सीमेंट और कांच के टुकड़े मिलाएं. अब इसमें धीरे-धीरे पानी डालें और अच्छी तरह मिक्स करें. ध्यान रखें कि मिश्रण न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत सूखा. थोड़ा गाढ़ा और आसानी से फैलने लायक मिश्रण सबसे अच्छा रहता है. यही मिश्रण आपके पेवर का बेस बनेगा और इसके अंदर मिला कांच पेवर को टेरेजो जैसा चमकदार लुक देगा.
मिश्रण को सांचे में डालें और कांच सजाएं
तैयार मिश्रण को पेवर मोल्ड में डालें. अगर आपके पास मोल्ड नहीं है, तो पुरानी पाई टिन या किसी सपाट बर्तन का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. मिश्रण के जमने से पहले कांच के टुकड़ों को अपनी पसंद के अनुसार ऊपर सजाएं या फिर रंगों के हिसाब से सजाकर आकर्षक डिजाइन बना सकते हैं. इसके बाद ट्रॉवेल या किसी चीज की मदद से कांच को हल्के हाथों से दबाएं और सतह को स्मूद कर दें, ताकि कांच मजबूती से अपनी जगह पर सेट हो जाए.
यह भी पढ़ें:- ब्रेकअप के तुरंत बाद क्या नहीं करना चाहिए? ये 5 गलतियां आपको और परेशान कर सकती हैं
यह भी पढ़ें:- किचन और बाथरूम के नल पर जमे जिद्दी दाग, एल्युमिनियम फॉयल से मिनटों में लौटाएं नई जैसी चमक





