

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के धरने को कमजोर करने के लिए पीएम मोदी ने राहुल गांधी को अपने आवास पर धरने पर बैठा दिया है. आप नेता सोमनाथ भारती ने NDTV से फोन पर हुई बातचीत में कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और कांग्रेस मिल गई है. भारती ने दावा किया कि राहुल गांधी पर बीजेपी का दबाव है. उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को छात्रो को समर्थन करना है तो जंतर मंतर पर जाएं.
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गए हैं. उन्होंने कहा, बच्चों को पीटना सही नहीं है. छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.” केजरीवाल ने छात्रों से डटे रहने की अपील करते हुए कहा कि सबसे बड़े तानाशाह को भी जनता के सामने झुकना ही पड़ता है.”
पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका
बता दें, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और अन्य कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए हैं. यह एक हाई सिक्योरिटी सेंसेटिव क्षेत्र, जहां कोई सामान्य व्यक्ति नहीं रुक सकता है. माना जा रहा है कि कांग्रेस ने काफी गुप्त तरीके से इस धरने की प्लानिंग बनाई और पैदल मार्च के बहाने तमाम नेताओं के साथ पीएम आवास के बाहर जाकर धरने पर बैठ गए.
दीपके ने कहा- सरकार ने हमारा समय बर्बाद किया
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने संगठन के साथ बातचीत शुरू करने की केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार एक तरफ तो CJP के साथ बातचीत कर रही है, वहीं दूसरी ओर वह प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का सहारा ले रही है. दीपके ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर 32 दिन से जारी विरोध-प्रदर्शन में शामिल समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, “सरकार ने हमारा समय बर्बाद किया. उसने हमारे प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया और उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए. आशुतोष रांका और सौरव दास को एक तरह से जेपी नड्डा के आवास पर नजरबंद कर दिया गया था.”
यह भी पढ़ें- पैदल मार्च, अचानक बढ़ा जमावड़ा, कांग्रेस की सीक्रेट प्लानिंग, जानें कैसे पीएम आवास के बाहर पहुंचे राहुल-प्रियंका





