

नई दिल्ली:
Chhath Special: दिवाली का जश्न खत्म और अब छठ महापर्व की तैयारी जोर शोर से चल रही है. यह पर्व खासकर यूपी-बिहार में मनाया जाता है. ऐसे में खास मौके के लिए कई गीत रिलीज होते हैं. छठी मैया के लिए कई गीत बने हैं, जिससे त्योहार की रौनक बढ़ जाती है. कई भोजपुरी फिल्मों में छठ पूजा को दिखाया गया है और इन फिल्मों के गाने हर साल छठ पर बजते हैं. लेकिन आज हम आपको बताने जा रहे हैं उस फिल्म के बारे में, जिसमें पहली बार छठ महापर्व को दिखाया गया था. फिल्म में छठी मैया पर पहला गीत फिल्माया गया था.
यह भी पढ़ें: छठ गीत ‘चार ही चक्का के मोटरवा’ को मिले 37 लाख व्यूज, कल्पना पटवारी की आवाज और आकांक्षा पुरी का अंदाज चर्चा में
कौन सी है वो फिल्म
यह फिल्म में बनी थी, जिसका नाम था भैया. फिल्म के निर्देशक फणी मजूमदार थे. वहीं कास्ट की बात करें तो फिल्म में तरुण बोस, पद्मा खन्ना, विजया चौधरी, हेलेन, शुभा खोटे, अचला सचदेव अहम रोल में थे. इसमें ग्रामीण जीवन की झलक और पहली बार पर्दे पर ‘छठ पूजा’ का सीन दिखाया गया था. खास बात ये है कि इस फिल्म में सलमान खान की सौतेली मां हेलेन भी थीं. उन्होंने फिल्म में एक डांसर और सिंगर का किरदार निभाया था. इस ब्लैक एंड वाइट फिल्म में छठ पूजा का पूरा सीन दिखाया गया है. छठी मैया के लिए गीत भी गाया है. इस गीत के बोल हैं ‘ ‘सुपवे नरियरवे’. इस गाने की को सुन लोग इमोशनल हो जाते थे. गाने को लता मंगेशकर की बहन ऊषा मंगेशकर ने अपनी आवाज में गाया था. वहीं चित्रगुप्त इसके संगीतकार थे. इस गाने को विद्यावाशिनी देवी और प्रेम धवन ने लिखा था.
क्या है फिल्म की कहानी
‘भैया’ की कहानी की बात करें तो यह परमानंद नाम के युवक के इर्दगिर्द घूमती है, जो बेहद गरीब है. उसकी एक विधवा सौतेली मां माया और दो सौतेले भाई-बहन है. परमानंद को बिंदु से प्यार हो जाता है और वो उम्मीद करता है कि किसी दिन वो उससे शादी करेगा. परमानंद का सौतेला भाई मुरली जब दूसरे शहर से पढ़ाई कर लौटता है तो उसे भी बिंदु से प्यार हो जाता है. ये जानकर परमानंद पीछे हट जाता है.
छठ पूजा के बारे में
यह भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना का एक पवित्र पर्व है. यह त्योहार विशेष रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बड़ी श्रद्धा से मनाया जाता है. सूर्य को जीवन, ऊर्जा, स्वास्थ्य और इस पृथ्वी पर सभी प्राणियों के अस्तित्व का आधार माना जाता है. सूर्य देव की कृपा से अच्छे स्वास्थ्य और आरोग्य की प्राप्ति होती है. संतान सुख और लंबी आयु के लिए भी देवी की उपासना की जाती है. इस पर्व में डूबते और उगते दोनों समय सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, यह जीवन चक्र और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है.





