

नई दिल्ली:
The Art of Sarah Netflix Series: आलीशान जिंदगी, महंगे ब्रांड और समाज के अमीर लोगों के बीच अपनी पहचान बनाने की चाहत किसी की जिंदगी को किस हद तक बदल सकती है, इसकी कहानी नेटफ्लिक्स की कोरियन वेब सीरीज ‘द ऑर्ट ऑफ सारा’ में देखने को मिलती है. इस सीरीज में एक ऐसी महिला की कहानी है, जो अपनी जिंदगी को शानदार बनाने के लिए नकली पहचान का सहारा लेती है. लेकिन जब उसकी लाश मिलने की खबर सामने आती है, तो उसकी पूरी जिंदगी एक रहस्य बन जाती है. पुलिस की जांच में ऐसे राज खुलने लगते हैं, जो इस मामले को एक साधारण हत्या से कहीं ज्यादा उलझा देते हैं. इसकी आईएमडीबी रेटिंग 10 में से 7.3 है.
महंगे ब्रांड की दुनिया में बनाई अपनी पहचान
‘द ऑर्ट ऑफ सारा’ की कहानी सारा किम के इर्द-गिर्द घूमती है. सारा एक लग्जरी ब्रांड की एशियाई क्षेत्रीय प्रमुख बनकर कोरियन समाज के अमीर और प्रभावशाली लोगों के बीच अपनी जगह बनाती है. उसका सपना सिर्फ पैसा कमाना नहीं, बल्कि ऐसी जिंदगी जीना है, जहां लोग उसकी पहचान और हैसियत को देखकर प्रभावित हों. सारा की जिंदगी बाहर से बेहद शानदार दिखाई देती है. वह महंगे ब्रांड, आलीशान जिंदगी और बड़े लोगों के बीच अपनी जगह बनाने में कामयाब होती है. लेकिन उसकी इस सफलता के पीछे एक ऐसा सच छिपा है, जिसे वह किसी के सामने नहीं आने देना चाहती. वह जिस पहचान के साथ दुनिया के सामने आती है, उसकी सच्चाई धीरे-धीरे सवालों के घेरे में आने लगती है. लोगों को उसके बारे में अलग-अलग बातें पता होती हैं, लेकिन कोई भी उसके अतीत को पूरी तरह नहीं जानता.
नाले में मिली लाश, शुरू हुई हत्या की जांच
सीरीज की कहानी उस समय नया मोड़ लेती है, जब सियोल के एक इलाके में महिला का शव मिलता है. उसके पास मौजूद एक खास लग्जरी बैग के आधार पर पुलिस शक होता है कि वो सारा किम है. इस मामले की जांच डिटेक्टिव पार्क मू-ग्योंग को सौंपी जाती है. वह सारा की जिंदगी से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू करता है. लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, उसके सामने एक नई परेशानी आने लगती है.
सारा को जानने वाले लोग उसके बारे में अलग-अलग बातें बताते हैं. किसी के लिए वह एक सफल बिजनेसवुमन थी, तो किसी के लिए उसकी जिंदगी के बारे में जानना लगभग असंभव था. पुलिस को यह समझ आने लगता है कि मामला सिर्फ हत्या का नहीं है. सारा की पहचान, उसके अतीत और उसके आसपास मौजूद लोगों के बीच कई ऐसी कड़ियां हैं, जो इस केस को और रहस्यमय बना देती हैं.
क्या पहचान ही एक बड़ा झूठ थी?
सीरीज का सबसे दिलचस्प पहलू सारा की असली पहचान है. वह जिस नाम और जिंदगी के साथ समाज में अपनी जगह बनाती है, उसके पीछे कई छिपे हुए सच मौजूद हैं. जांच के दौरान डिटेक्टिव पार्क को पता चलता है कि सारा की जिंदगी से कई नाम जुड़े हुए हैं. उसके अतीत को समझना आसान नहीं है, क्योंकि हर नया सुराग पहले से मौजूद कहानी को बदल देता है.
सारा की जिंदगी में पैसा, महत्वाकांक्षा और सामाजिक हैसियत बेहद अहम हैं. वह अपनी बनाई हुई दुनिया को बचाने के लिए किस हद तक जा सकती है, यही कहानी का सबसे बड़ा सवाल बन जाता है. इस दौरान पुलिस को ऐसे लोगों के बारे में भी पता चलता है, जिनका सारा की जिंदगी और उसके बिजनेस से गहरा संबंध रहा है. हर व्यक्ति की कहानी में एक नया रहस्य सामने आता है, जिससे जांच और उलझ जाती है.
शिन हे-सुन और ली जुन-ह्युक की दमदार जोड़ी
‘द आर्ट ऑफ सारा’ में शिन हे-सुन सारा किम के किरदार में हैं. वहीं और ली जुन-ह्युक डिटेक्टिव पार्क के रोल में हैं. शिन का किरदार एक ऐसी महिला का है, जो अपनी महत्वाकांक्षाओं और बनाई हुई पहचान के बीच फंसी हुई है. दूसरी तरफ ली का किरदार सारा के अतीत को समझने और हत्या की सच्चाई सामने लाने की कोशिश करता है. इसका निर्देशन किम जिन-मिन ने किया है. छू सोंग-येओन ने इसकी कहानी लिखी है. यह 8 एपिसोड की मिस्ट्री थ्रिलर है. ‘द आर्ट ऑफ सारा’ नेटफ्लिक्स पर 13 फरवरी 2026 को रिलीज हुई थी. सीरीज में कुल 8 एपिसोड हैं. यह कोरियन मिस्ट्री थ्रिलर उन दर्शकों के लिए खास है, जिन्हें नकली पहचान, हत्या की जांच और धीरे-धीरे खुलते रहस्यों वाली कहानियां पसंद आती हैं.





