
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. संजय नगर में स्थित एक घर में 5 लोगों की लाशें मिली. बदबू आने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) की टीम मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में कर्ज के तनाव के चलते सामूहिक आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, संजय नगर स्थित एक मकान में रहने वाले 50 वर्षीय शेख साजिद अली ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी राबिया और तीन बच्चों- इरशाद अली, शाहिदा बेगम व इरशाबा परवीन को जहर दिया और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि साजिद अली कर्ज के कारण बेहद परेशान थे. लोग उनसे लगातार पैसों की मांग कर रहे थे. इसी से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया.

घटना स्थल के पास लगी लोगों की भीड़.
बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
बताया जा रहा है कि घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अंदर से किसी ने जवाब नहीं दिया. घर भी अंदर से पूरी तरह बंद था, अनहोनी की आशंका पर लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची काफी प्रयास के बाद भी जब कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला, तो पुलिस की टीम दरवाजा तोड़कर घर में घुसी. इस दौरान अंदर का नजारा देखकर दंग रह गई, घर में दंपति समेत पांच लाशें पड़ी थी.
पीएम रिपोर्ट में सामने आएगी मौत की वजह
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एफएसएल (FSL) की टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण सामने आ सकेगा.





