

CM Vijay Children Hospital: तमिलनाडु के सीएम सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को चेन्नई स्थित सरकारी इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ एंड हॉस्पिटल फॉर चिल्ड्रेन का अचानक दौरा किया. सीएम बनने के बाद यह उनका पहला सरप्राइज निरीक्षण माना जा रहा है. हाल के दिनों में अस्पताल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे. इसी के बाद सीएम ने बिना पूर्व सूचना अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया.
डॉक्टरों और मरीजों से सीधे की बात
अस्पताल पहुंचने के बाद सीएम विजय ने कई वार्डों का निरीक्षण किया. उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. इसके साथ ही भर्ती बच्चों की माताओं से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. सरकार की ओर से जारी तस्वीरों में सीएम नवजात शिशुओं को गोद में लेते और उनके परिवारों से बातचीत करते दिखाई दिए. उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की.
वीडियो में लगाए गए थे रिश्वत के आरोप
कुछ दिन पहले एक महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए थे. महिला ने खुद को गरीबी रेखा से नीचे रहने वाला बताया था. वीडियो में आरोप लगाया गया था कि कुछ कर्मचारियों द्वारा रिश्वत मांगी जाती है, मरीजों को समय पर भोजन नहीं मिलता और कई बुनियादी सुविधाओं की कमी है. वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला राज्यभर में चर्चा का विषय बन गया था.
सरकार ने शुरू की कार्रवाई
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अरुण राज ने कहा कि आरोपों के दायरे में आए संविदा कर्मचारी को सेवा से हटा दिया गया है. उन्होंने बताया कि मरीजों और उनके परिजनों से मिले फीडबैक में अस्पताल में अतिरिक्त शौचालय, नए वार्ड और एक बेहतर कैंटीन की आवश्यकता सामने आई है. सरकार इन जरूरतों का अध्ययन कर अस्पताल के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाएगी.





