
पर्यटन सीजन के दौरान राजधानी शिमला में इस बार पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद देखने को मिली. मई और जून 2026 के दौरान शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों से 18.5 लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई. इनमें मई महीने में करीब 8.5 लाख और जून में अब तक लगभग 10 लाख वाहन शिमला पहुंचे. बढ़ती पर्यटक संख्या के बावजूद शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शिमला पुलिस ने पहले से व्यापक तैयारी की थी.
शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए शिमला पुलिस ने यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस और होमगार्ड कर्मियों की संख्या 136 से बढ़ाकर 265 कर दी. इसके अलावा 50 सिविल वालंटियर्स और 32 ट्रैफिक बाइक राइडर्स को भी तैनात किया गया, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में तुरंत कार्रवाई की जा सके और जाम की स्थिति न बने.
हिमाचल में इन महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये, इको-टूरिज्म और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा
5 सेक्टरों में बांटकर संभाला गया ट्रैफिक
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि पूरे शहर को 5 सेक्टरों में बांटकर हर सेक्टर की जिम्मेदारी ग्रेड-वन अधिकारियों को दी गई. ये अधिकारी केवल निगरानी तक सीमित नहीं रहे, बल्कि खुद सड़कों पर उतरकर यातायात संचालन में जुटे रहे. जहां भी ट्रैफिक बाधित हुआ, वहां सेक्टर अधिकारियों, ट्रैफिक बाइक राइडर्स और तीन क्रेनों की संयुक्त टीम ने तुरंत पहुंचकर रास्ता साफ कराया.
शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए कुफरी, मशोबरा, नालदेहरा, अपर शिमला और किन्नौर की ओर जाने वाले वाहनों को शोगी-मेहली बाईपास मार्ग अपनाने के लिए जागरूक किया गया. इसका सकारात्मक असर देखने को मिला और हर दिन करीब 600 से 800 वाहन इस वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं.
पुलिस ने पार्किंग स्थलों के बेहतर प्रबंधन, सोशल मीडिया के जरिए रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से नियमों का सख्ती से पालन कराने पर भी विशेष ध्यान दिया. इन प्रयासों की वजह से पर्यटन सीजन के सबसे व्यस्त दिनों में भी शहर की यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रही.
बेहतरीन काम करने वालों को किया सम्मानित
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और सिविल वालंटियर्स को भी सम्मानित किया गया. 27 जून 2026 को आयोजित विशेष ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक ने ट्रैफिक शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की. इस दौरान 10 सिविल वालंटियर्स को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
हिमाचल: बड़ा भंगाल में पारंपरिक वेशभूषा में पहु्ंचे CM सुक्खू, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
शिमला पुलिस ने नागरिकों और पर्यटकों का सहयोग के लिए आभार जताते हुए सभी से यातायात नियमों का पालन करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की.
