खबर

कल्पना चावला की तरह पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट की जुबां पर इक़बाल और पाकिस्तानी सीरियल के विरोध का इत्तेफाक | pakistani astronaut Muhammad Zeeshan Ali iqbal sher space mission Pakistan web series ban controversy india


कल्पना चावला की तरह पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट की जुबां पर इक़बाल और पाकिस्तानी सीरियल के विरोध का इत्तेफाक

पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट ने अंतरिक्ष में पढ़ा इक़बाल का शेर, उधर पाकिस्तानी सीरियल पर विवाद

अल्टर्ड बाय NDTV

साल 1969 में जब नील आर्मस्ट्रांग ने चांद पर पहली बार क़दम रखे तो उन्होंने इसे इंसानियत की बड़ी छलांग बताया- अ ग्रेट लीप ऑफ़ ह्यूमैनिटी. वे दिन अंतरिक्ष अनुसंधान के मामले में अमेरिका और सोवियत रूस के बीच की होड़ के दिन थे और अंतरिक्ष में पहली बार टहलने वाले रूसी नागरिक यूरी गागरिन ने अमेरिकी लोगों के भीतर प्रतिस्पर्धा का एक स्वप्न पैदा किया था. सुनीता विलियम्स साठ के दशक के इस स्वप्न की पैदाइश हैं.

लेकिन चांद पर कदम रखने वाले नील आर्मस्ट्रांग ने इसे नासा या अमेरिका की सफलता नहीं बताया, उन्होंने इसे मानव की छलांग माना. धरती के बाहर वे पूरी धरती के नुमाइंदे हैं, शायद इस अनजाने एहसास ने उनके भीतर यह वाक्य कहने की प्रेरणा पैदा की होगी.

बेशक, लोगों के भीतर ऊंचाई पर भी देश बचे रहते हैं, स्मृतियां बची रहती हैं और कविताएं बची रहती हैं. इसी हफ़्ते पाकिस्तान के मोहम्मद जीशान अली अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी नागरिक बने. वे चीन के अंतरिक्ष यान से वहां तक गए थे. वहां पहुंच कर जीशान अली ने जो सबसे पहली बात कही, वह एक कविता थी- अल्लामा इक़बाल की मशहूर ग़ज़ल का एक शेर- सितारों के आगे जहां और भी हैं / अभी इश्क़ के इम्तिहां और भी हैं.‘ फिर इसी पंक्ति को उन्होंने चीनी भाषा में दुहराया. अंतरिक्ष के उस अनंत विस्तार में जीशान को पाकिस्तान या इस्लाम अगर याद भी आया हो तो भी उन्हें उस शेर ने ज़्यादा पुकारा जिसमें सितारों के आगे जाने की बात थी.

वैसे एक सदी से भी पहले लिखी गई यह ग़ज़ल पहले भी आसमानों की सैर करती रही है, वहां से सुनी-कही जाती रही है. 1997 में कल्पना चावला अंतरिक्ष में थीं और उनसे तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदर कुमार गुजराल ने बात की थी. तब गुजराल ने उनसे इक़बाल का यही शेर साझा किया था. इक़बाल इस लिहाज से निराले हैं. 1984 में जब राकेश शर्मा अंतरिक्ष में पहुंचे तो तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उनसे पूछा कि वहां से हिंदुस्तान कैसा दिखता है? राकेश शर्मा ने फिर इक़बाल के शेर की मदद ली- ‘सारे जहां से अच्छा.‘

ये सारी मिसालें इसलिए नहीं दी जा रहीं कि इक़बाल को महान बताया जाए, बल्कि ये बताने के लिए दी जा रही हैं कि कविता इंसान के भीतर न जाने कहां-कहां से बची रहती है और न जाने कब बाहर आ जाती है.

और यह कविता ही है जो अंततः अंतरिक्ष से हिंदुस्तान का रिश्ता जोड़ पाती है. इंदिरा गांधी को भी मालूम था कि अंतरिक्ष से भारत से नहीं दिखाई पड़ता और राकेश शर्मा को भी पता था कि जो वे कह रहे हैं, उसमें तथ्य नहीं, कविता है, लेकिन वह इक़बाल की नहीं, भारत की कविता थी जो इंदिरा गांधी और राकेश शर्मा के भीतर एक साथ गूंज रही थी. 

अमूमन हम बहुत सारे छोटे-छोटे झगड़ों में उलझे रहते हैं. ख़ुद को भी छोटा कर लेते हैं और अपने देश को भी. पाकिस्तान ने तो अपना हाल कुछ और बुरा कर लिया है. लेकिन कोई जीशान अली जब अंतरिक्ष में जाता है तो पाकिस्तान को कुछ ब़डा कर जाता है. इंसानी उपलब्धियां हम सबके भीतर एक कविता रचती हैं. साहित्य, संगीत, विज्ञान, कलाएं- यह सब इसीलिए राजनीतिक सरहदों के पार आते-जाते रहते हैं.

बीते साल मशहूर भारतीय गायिका आशा भोसले के निधन का मातम पाकिस्तान ने भी मनाया. पाकिस्तान की मदीहा अरसलान हनीफ़ ने एक लेख में लिखा, ‘भारत में 92 साल की उम्र में आशा भोसले गुज़रीं तो यूँ लगा जैसे एक साझा सांस्कृतिक धड़कन ख़ामोश हो गई हो.

12 अप्रैल 2026 को उनके जाने की ख़बर आई तो इस्लामाबाद की बैठकों-चौबारों से लेकर लाहौर के चाय के अड्डों तक, हर जगह गहरा और सुनसान-सा ग़म छा गया. पाकिस्तान के क़द्रदानों के लिए आशा पाकिस्तान और हिंदुस्तान, दोनों की साझा स्मृति थीं. एक ऐसी आवाज़ जिसे हमारे घरों, हमारी शादियों और हमारे आध्यात्मिक लम्हों में आने के लिए वीज़ा की ज़रूरत नहीं पड़ी.‘ शायद यही बात हम मेहदी हसन, ग़ुलाम अली जैसे गायकों, फ़ैज़ जैसे शायर या मंटो जैसे लेखक के बारे में भी कह सकते हैं.

इत्तिफ़ाक़ से यही वे दिन हैं जब नेटफ़्लिक्स पर आने वाली एक पाकिस्तानी वेब सीरीज़ ‘जो बचे हैं संग समेट लें’ को भारत में रोकने की मांग शुरू हो गई है और भारत सरकार ने नेटफ़्लिक्स को 2025 की उस गाइडलाइन की याद दिलाई है जिसमें सभी ओटीटी प्लैटफॉर्म से कहा गया था कि वे पाकिस्तान से जुड़ी सामग्री न दिखाएं. तो संभव है, इस वेब सीरीज पर रोक लग जाए, लेकिन फ़वाद ख़ान या माहिरा ख़ान के जो भारतीय मुरीद हैं, उनके दिलों से इन सितारों को कोई कैसे निकालेगा? क्या ये सारे लोग देशद्रोही घोषित कर दिए जाएंगे? या पाकिस्तान अपनी सारी कट्टरता के बावजूद क्या रफ़ी और लता को इसलिए सुनना बंद कर देगा कि उन्होंने भारतीय स्मृति के कुछ बेहतरीन भजन गाए हैं?

मोहम्मद जीशान अली और कविता पर लौटते हैं. कविता अंतरिक्ष में ही याद नहीं आती, वह बिल्कुल छटपटा देने वाली बंद जगहों पर भी सहारा बनती है. जुलाई 2024 में केरल के रवींद्रन नायर तिरुवनंतपुरम के एक अस्पताल की लिफ्ट में फंस गए. यह शनिवार दोपहर का वक़्त था- अगले दो दिन वे लिफ़्ट में फंसे रहे. उनके पास पीने का पानी तक नहीं था. उन्होंने मान लिया था कि उनकी मौत अब तय है, उन्होंने घरवालों को चिट्ठी लिखनी शुरू कर दी थी. लेकिन वे बच गए. उन्होंने बताया कि उनके झोले में कुछ कविताएं थीं जिन्होंने उन्हें बचाए रखा. 
दूसरे विश्वयुद्ध के बाद हिटलर के एक यातना शिविर में तीन साल से बंद और कंकालों के बीच लगभग कंकाल हो गई एक लड़की एक अमेरिकी टुकड़ी के कमांडर को मिली. उसने जो पहला शब्द कहा, वह गेटे की कविता का था- ‘लेट मेन बी नोबेल, मर्सीफुल ऐंड गुड’- मनुष्य नेक, दयालू और बेहतर बने. यह कविता की ही ताक़त है.

यह एक भावुक लगने वाली बात हो सकती है, लेकिन यह सच है कि ख़ुशी या दुख के चरम क्षणों में, किसी उपलब्धि के आसमान पर हमारे भीतर जो भाव उमड़ता है, असल में कविता ही होता है. क्या हम कह सकते हैं कि जीशान अली की उंगली थामे-थामे इक़बाल भी अंतरिक्ष में पहुंच गए या वे वहां की स्मृतियों में पहले से मौजूद थे जिन्हें जीशान ने भी साझा कर लिया? यह दरअसल कविता पर मनुष्य के भरोसे का भी साक्ष्य है- और यह कविता मनुष्य के बेहतर बने रहने की कविता है.

प्रियदर्शन NDTV इंडिया में सीनियर एक्ज़ीक्यूटिव एडिटर रह चुके हैं. 
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): इस आलेख में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी विचार हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button