खबर

एलोवेरा जेल से Body Lotion कैसे बनाएं? इसे लगाने से सर्दियों में रूखी नहीं पड़ेगी स्किन | How to make body lotion at home with Aloe Vera Gel



सर्दियों में त्वचा का रूखा होना एक आम समस्या है. हवा में नमी कम होने के कारण हाथ-पैरों की स्किन ड्राई पड़ने लगती है. कई बार त्वचा इतनी रूखी हो जाती है कि बार-बार लोशन लगाने की जरूरत पड़ती है. अब, अगर आप बार-बार बाजार से लोशन खरीदने से बचना चाहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. यहां हम आपको घर पर ही रूखी त्वचा के लिए लोशन बनाने का तरीका बता रहे हैं. ये खास तरीका ब्यूटी एक्सपर्ट पलक सैनी ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है. अच्छी बात यह है कि इस लोशन को बनाने के लिए आपको न तो बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत होगी और न ही ज्यादा मेहनत करनी होगी. ऐसे में आइए जानते हैं घर पर बॉडी लोशन बनाने का आसान तरीका- 

चाहिए होंगी ये चीजें- 

घर पर बॉडी लोशन बनाने के लिए आपको-

  • 2 से 3 चम्मच एलोवेरा जेल
  • 2 चम्मच ग्लिसरीन
  • 1 चम्मच बादाम का तेल और
  • 2 विटामिन ई कैप्सूल की जरूरत होगी. 

कैसे बनाएं घर पर बॉडी लोशन?

  • सबसे पहले एक साफ कटोरी लें. इसमें दो से तीन चम्मच एलोवेरा जेल डालें. 
  • अब, इसमें दो चम्मच ग्लिसरीन और एक चम्मच बादाम का तेल मिला दें. 
  • इसके बाद दो विटामिन ई कैप्सूल लें और उन्हें काटकर अंदर का तेल इस मिश्रण में डाल दें.
  • अब, सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. आपको इन्हें लगातार फेंटते हुए मिलाना है. कुछ ही देर में इसका टैक्सचर एकदम क्रीमी हो जाएगा, तब समझ जाएं कि आपका बॉडी लोशन बनकर तैयार है.

तैयार लोशन को आप एक साफ और सूखे डिब्बे में भरकर रख सकते हैं. पलक सैनी के अनुसार, इसे 10 से 15 दिनों तक स्टोर किया जा सकता है. लेकिन इसमें कोई प्रिजर्वेटिव नहीं है, इसलिए इसे फ्रिज में रखें और कम मात्रा में बनाएं. अगर इसमें बदबू आने लगे या रंग और बनावट बदल जाए, तब इसे इस्तेमाल न करें.

कैसे फायदा पहुंचाता है ये लोशन?

  • घर पर तैयार इस लोशन में एलोवेरा जेल होता है. एलोवेरा जेल त्वचा को नमी देने में मदद करता है. इसे लगाने से रूखी त्वचा को आराम मिल सकता है और स्किन मुलायम बनी रहती है.
  • ग्लिसरीन भी त्वचा में नमी बनाए रखने का काम करती है. ये हवा से नमी खींचकर त्वचा को ड्राई होने से बचाने में मदद करती है.
  • बादाम का तेल भी स्किन को अंदर तक नमी देता है और त्वचा को मुलायम बनाने में मदद करता है.
  • इन सब से अलग विटामिन ई में एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो भी त्वचा की देखभाल में मदद करते हैं. 

ऐसे में आप रोज नहाने के बाद हल्की नम स्किन पर ये लोशन लगा सकते हैं. हालांकि, हर किसी की स्किन अलग होती है, इसलिए पहली बार इस्तेमाल करने से पहले हाथ पर थोड़ी मात्रा लगाकर 24 घंटे तक देखें. अगर खुजली, जलन या रेडनेस हो, तो इसका इस्तेमाल न करें.

यह भी पढ़ें- Money Plant की पत्तियों को बड़ा कैसे करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया बस मिट्टी में डाल दें ये 2 चीजें, तेजी से बढ़ेगी बेल




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button