

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी है. सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच बातचीत अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि अखिलेश यादव ने पांच प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए. इस कदम को गठबंधन की राजनीति में दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. दिलचस्प बात यह है कि लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भी सपा ने लगभग यही दांव खेला था और अब एक बार फिर वही सियासी पटकथा दोहराई जाती दिख रही है.
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी पहली सूची ने यह साफ संकेत दिया है कि अखिलेश यादव सीट शेयरिंग के सवाल पर अपनी शर्तों के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं. उम्मीदवारों की घोषणा से ठीक पहले उन्होंने कांग्रेस को संबोधित एक सार्वजनिक चिट्ठी लिखी थी. उस चिट्ठी में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कुछ ऐसी ‘जिताऊ सीटें’ बताई जा सकती हैं, जिन पर शायद पार्टी ने अभी गंभीरता से विचार नहीं किया है.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह इशारा मुख्य रूप से उन शहरी सीटों की ओर था जहां भारतीय जनता पार्टी परंपरागत रूप से मजबूत मानी जाती है, लेकिन सपा को लगता है कि कांग्रेस वहां अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन कर सकती है. दूसरी तरफ, यह भी साफ संदेश माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी अपनी मजबूत और मौजूदा प्रभाव वाली सीटों पर किसी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है.
पीडीए समीकरण को धार देती पहली लिस्ट
सपा की पहली सूची का एक और महत्वपूर्ण पहलू उसका पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण है. घोषित सभी पांच उम्मीदवारों को उसी सामाजिक समीकरण के तहत देखा जा रहा है जिसे अखिलेश यादव लगातार अपनी राजनीति का केंद्र बना रहे हैं.
अपनी चिट्ठी में भी उन्होंने बार-बार सपा या कांग्रेस उम्मीदवार की बजाय ‘इंडिया गठबंधन के पीडीए प्रत्याशी’ की बात कही. इससे साफ है कि उम्मीदवारों की सूची केवल चुनावी घोषणा नहीं बल्कि पीडीए राजनीति को और धार देने की कोशिश भी है.
कांग्रेस के लिए असमंजस की स्थिति
हालांकि इस फैसले ने कांग्रेस खेमे की बेचैनी बढ़ा दी है. पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई तीखी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन अंदरखाने नाराजगी की चर्चा तेज है. खासकर उन सीटों को लेकर जहां कांग्रेस अपनी दावेदारी मजबूत मान रही थी.
इस बीच गठबंधन में तनाव के संकेत भी दिखाई देने लगे हैं. सूत्रों के मुताबिक, यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के करीबी लोगों ने कहा है कि सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ कांग्रेस अपना प्रत्याशी उतार सकती है. कांग्रेस सहारनपुर और बेहट सीट पर दावा कर रही थी, लेकिन समाजवादी पार्टी ने इन सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को ही उम्मीदवार घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें: मनचाही सीट न मिले तो निराश न हों… सीट बंटवारे पर कांग्रेस को अखिलेश यादव का खुला खत





