खबर

बंगाल में जल्द ही पढ़े लिखे बेरोजगार युवाओं को मिलेंगे 2000 रुपये, नाम बदलने पर दिलीप घोष ने कही ये बड़ी बात | dilip ghosh on Bengal name change and Unemployment allowances for the youth



पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने राज्य सरकार के फैसलों, बेरोजगार युवाओं के लिए भत्ते की घोषणा, प्रदेश के नाम को लेकर विवाद, नेपाल के साथ भारत के संबंधों और राहुल गांधी के इजरायल संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में किए गए ज्यादातर वादों को लागू किया जा चुका है. बेरोजगार युवाओं के लिए अगले साल से मासिक भत्ता देने की व्यवस्था भी जल्द लागू होगी. इसके तहत ग्रेजुएट युवाओं को 1500 रुपए और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को 2000 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे. 

बेरोजगार युवाओं को जल्द मिलेगा भत्ता

दिलीप घोष ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद संकल्प पत्र में की गई ज्यादातर घोषणाओं को लागू किया जा चुका है. कुछ विषयों पर काम बाकी था, जिनमें बेरोजगार युवाओं को भत्ता देने की व्यवस्था भी शामिल थी. उन्होंने बताया कि पहले साल में इसे लागू करना संभव नहीं हो पाया, लेकिन अगले साल से बेरोजगार युवाओं को इसका लाभ मिलेगा. ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 1500 रुपए और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को 2000 रुपए दिए जाएंगे. इस प्रस्ताव को कैबिनेट में मंजूरी मिल चुकी है और मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा भी कर दी है. इसे जल्द लागू किया जाएगा.

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने पर क्या बोले?

राज्य का नाम बदलने के फैसले पर दिलीप घोष ने कहा कि नाम नहीं बदला गया है. बंगाली भाषा में जिस तरह पश्चिम बंगाल लिखा जाता है, उसी नाम को सभी भाषाओं में लिखा जाना चाहिए. उन्होंने भारत के नाम का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने भारत को इंडिया नाम दिया था, जिसे वह गलत मानते हैं. जी-20 के दौरान प्रधानमंत्री के सामने भारत नाम लिखे होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में देश का नाम भारत होना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को मध्य प्रदेश कहा जाता है, तो बंगाल के नाम के साथ अलग व्यवहार क्यों हो। उनके मुताबिक, राज्य का नाम ‘पश्चिम बंग’ ही लिखा जाना चाहिए.

गोहत्या के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि वर्षों से चल रही कथित धर्मनिरपेक्षता के कारण हिंदुओं के मन में इस विषय को लेकर दुख रहा है. भाजपा सरकार ने इस दिशा में कानून लागू कर दिया है.जरूरत पड़ने पर गोवध पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के लिए कानून बनाया जाएगा.

अभिषेक बनर्जी पर क्या बोले बीजेपी नेता?

अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट से फरवरी तक राहत मिलने और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर दिलीप घोष ने कहा कि अब उनका समय अदालतों में बीत रहा है. किसी के नाम पर केस हो रहा है और अदालत में बुलाए जाने पर उन्हें जाना पड़ रहा है. उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत और भाजपा को मिलकर हराने के दावे पर उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे बाबा के साथ मिलकर चुनाव लड़ें. घोष ने कहा कि अगर बंगाल में भी सभी दल भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ें तो उन्हें अच्छा लगेगा.

भारत और नेपाल संबंधों से दोनों को फायदा

नेपाल के प्रधानमंत्री के भारत दौरे और 1500 करोड़ रुपए के पैकेज पर दिलीप घोष ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक और पौराणिक हैं. दोनों देशों के बीच व्यापार, संस्कृति और रोटी-बेटी का संबंध है.  नेपाल पहाड़ों में स्थित एक गरीब देश है और भारत हमेशा उसका साथ देता आया है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत आगे भी नेपाल का सहयोग करता रहेगा. दोनों देशों के संबंध जितने अच्छे होंगे, उतना ही दोनों को फायदा होगा.

राहुल गांधी के इजरायल को लेकर दिए गए बयान पर मंत्री ने कहा कि उन्हें इतनी उम्र और इतने वर्षों की राजनीति के बाद इस बात को पहले ही समझ लेना चाहिए था. उन्होंने कहा कि गलत नीतियों के कारण भारत को पहले फायदा नहीं हुआ, जबकि इजरायल विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में काफी आगे है. इजरायल के साथ दोस्ती से भारत को लाभ हुआ है और दोनों की संस्कृति में भी समानताएं हैं. इजरायल को अलग करके किसी को खुश करने की राजनीति करने वालों को परेशानी हो रही है, लेकिन व्यावहारिक राजनीति अपनानी होगी.

ये भी पढ़ें-बदलेगा पश्चिम बंगाल का नाम, शुभेंदु कैबिनेट ने दी मंजूरी, 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश होगा प्रस्ताव

ये वीडियो भी देखें-




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button