

‘उनको अच्छी नहीं लगती है बुलंदी मेरी,
उनको शायद मेरी परवाज़ बहुत खलती है.’
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत और तनातनी की खबरों के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने शायराना अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने गठबंधन से जुड़े सवाल पर शेर सुनाते हुए कहा, “बस यही जवाब है. कांग्रेस जब चाहेगी, अपने उम्मीदवार उतारेगी, इसमें बड़ी बात क्या है? अगर आप गठबंधन के बीच ऐसा बर्ताव करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है. इसका मतलब है कि आपकी तरफ से कोई गंभीरता नहीं है.”
Lucknow, Uttar Pradesh: On the Samajwadi Party releasing its first list of candidates for the Uttar Pradesh Assembly polls amid seat-sharing talks, Congress MP Imran Masood says, “‘Unko acchi nahi lagti bulandi meri, unko shayad meri parwaaz bahut khalti hai’- that is the only answer… Congress will field candidates whenever it needs to; what’s the big deal? If you act like this in the middle of an alliance, then it is not an alliance. It means there is no seriousness on your part.”
— IANS (@ians_india) November 25, 2026
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत मुश्किल दौर में पहुंचती दिख रही है. दरअसल, कांग्रेस के साथ बातचीत फाइनल स्टेज में न पहुंचने के बावजूद, एसपी ने आगे बढ़कर आगामी चुनावों के लिए अपने पांच उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. इनमें सहारनपुर जिले की दो सीटें सहारनपुर देहात और बेहट भी शामिल हैं. इमरान मसूद सहारनपुर से ही लोकसभा सांसद हैं.
उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश जी क्या कर रहे हैं या क्या नहीं, यह मेरे लिए कोई बड़ा मुद्दा नहीं है. मैं अपनी पार्टी से बंधा हुआ हूं और मेरी पार्टी जो भी कहेगी, मुझे वही करना होगा.
समाजवादी पार्टी से नाराज हैं इमरान मसूद?
दरअसल, इमरान मसूद समाजवादी पार्टी से नाराज बताए जा रहे हैं. पहली लिस्ट जारी होने के बाद ही कम्युनिकेशन गैप नजर आ रहा है. अब इस आशंका जताई जा रही है कि क्या आने वाले वक्त में समाजवादी पार्टी का फैसला कांग्रेस की मुश्किलें खड़ी कर सकता है.
क्या मैसेज देना चाहते हैं अखिलेश यादव?
यूपी चुनाव के लिए गठबंधन को लेकर अभी दोनों पार्टियों के बीच बातचीत पूरी नहीं हुई है और दो राउंड की बातचीत होनी बाकी है. इस बीस समाजवादी पार्टी के कैंडिडेट उतारने का फैसला यही बताता है कि एसपी कांग्रेस को संदेश देना चाहती है कि वह बहुत ज्यादा परवाह नहीं करती है. साथ ही यह भी बताने की कोशिश की जा रही है कि गठबंधन में किसकी ज्यादा चलेगी.
इमरान मसूद के करीबियों को कहना है कि भले ही समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवार उतार दिए हों, लेकिन दोनों सीटों पर हम अपने उम्मीदवार उतारेंगे. अब देखना यही होगा कि बिहार में जिस तरह से गठबंधन में लड़ने के बावजूद आरजेडी और कांग्रेस के बीच फ्रेंडली फाइट हुई थी, वही यूपी में भी नजर आएगा या नहीं, यह देखने वाली बात होगी.
कांग्रेस की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन कांग्रेस के प्रभारी, अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष के करीबियों का कहना है कि यह बहुत हैरान करने वाली बात है कि बातचीत के बीच ही एसपी ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है.
यह भी पढ़ें | UP चुनावः सपा की पहली लिस्ट से गठबंधन में फूट? क्या 2024 वाली कहानी दोहराने में जुटे अखिलेश
यह भी पढ़ें | UP चुनावः सपा ने जारी की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट, कांग्रेस की मांग वाली सीटों पर भी ऐलान; बढ़ाया दबाव





