
कहते हैं कि प्यार करने और जीवनसाथी चुनने की कोई उम्र नहीं होती. इस कहावत को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में दो बुजुर्गों ने सच कर दिखाया है. देवली स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में रहने वाले 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सवीना अब एक-दूसरे के जीवनसाथी बनने जा रहे हैं.
दोनों 25 नवंबर को विवाह के बंधन में बंधकर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करेंगे. इन दोनों की पहली मुलाकात इसी वृद्धाश्रम में ही हुई थी और दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. आज दोनों शादी के बंधन में बंध जायेंगे.
कन्हैया लाल की जिंदगी रही है संघर्षपूर्ण
मंडी जिले के जंजैहली निवासी कन्हैया लाल की जिंदगी काफी संघर्षपूर्ण रही है. करीब चार साल पहले तक वो खेतीबाड़ी करके अपना गुजारा करते थे. बताया जाता है कि नि:संतान होने के कारण उन्होंने अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन बाद में उन्हें ही घर से बाहर कर दिया गया. अपनों से मिले इस व्यवहार के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गए और जंगल की एक गुफा में रहने को मजबूर हो गए. बाद में ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम के संचालक एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल की टीम ने उन्हें वहां से रेस्क्यू कर आश्रम में आश्रय दिया.
सवीना से कैसे हुई मुलाकात?
वहीं, पश्चिम बंगाल के कोलकाता की रहने वाली 63 वर्षीय सवीना की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. वो घर से घूमने निकली थीं, लेकिन रास्ता भटकते हुए शिमला के मशोबरा पहुंच गईं. उनकी स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर मशोबरा स्थित नारी निकेतन पहुंचाया. बाद में उन्हें बिलासपुर के ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में भेज दिया गया.
आश्रम में रहते हुए कन्हैया लाल और सवीना की साल 2025 में मुलाकात हुई थी. दोनों ने एक-दूसरे के दर्द और अकेलेपन को समझा. धीरे-धीरे दोस्ती गहरे लगाव में बदल गई और अब दोनों ने शेष जीवन एक-दूसरे के साथ बिताने का फैसला किया है.
25 नवंबर को आश्रम परिवार की मौजूदगी में दोनों विवाह करेंगे. उम्र के इस पड़ाव पर एक-दूसरे का हाथ थामने का उनका फैसला समाज को भी एक खूबसूरत संदेश दे रहा है कि इंसान को जीवन में कभी भी सच्चा साथी मिल सकता है और नई शुरुआत करने की कोई उम्र नहीं होती. मंगलवार (24 नवंबर) को हल्दी मेहंदी की रस्में पूरी की गई थीं और आज शादी होगी.
