
East Delhi DCP Rajiv Kumar IPS: किसी घर में जब पिता पुलिस की वर्दी पहनकर ड्यूटी पर जाते हैं, तो बच्चे के मन में भी कभी न कभी वह वर्दी पहनने का ख्याल जरूर आता है. लेकिन राजीव कुमार की कहानी थोड़ी अलग है. उनके पिता दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल थे और चाहते थे कि उनके दो बेटों में से कम से कम एक पुलिस की नौकरी में आए. जब पिता ने बेटे से सब-इंस्पेक्टर की तैयारी करने को कहा, तो जवाब मिला, “अगर पुलिस में ही जाना है तो सब-इंस्पेक्टर क्यों, सीधे IPS बनेंगे.” आज राजीव कुमार ईस्ट दिल्ली के DCP हैं. NDTV की खास सीरीज “डीसीपी को जानें” के तहत बातचीत में IPS राजीव कुमार ने अपनी सफलता के सफर से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं और बताया कि UPSC इंटरव्यू के दौरान उनसे किस तरह के सवाल पूछे गए थे.

East Delhi DCP Rajiv Kumar IPS upsc success story Photo Credit: NDTV
आईपीएस राजीव कुमार कहां के रहने वाले?
राजीव कुमार मूल रूप से हरियाणा के पानीपत के रहने वाले हैं. हालांकि, उनके पिता दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे. साल 1975 में उनके पिता पुलिस सेवा में आए. परिवार पुरानी दिल्ली के किदारा इलाके की पुलिस कॉलोनी में रहता था, जो झंडेवालान मंदिर के पास है. इसी माहौल में राजीव कुमार का बचपन बीता. पढ़ाई में राजीव हमेशा अच्छे रहे. स्कूल में टॉपर रहने के बाद उन्होंने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बीटेक किया. इसके बाद एक निजी कंपनी में नौकरी शुरू की. बाद में उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से MBA किया. लेकिन इस दौरान उनके पिता की एक इच्छा लगातार उनके सामने थी.

East Delhi DCP Rajiv Kumar IPS upsc success story
बिना तैयारी प्रीलिम्स पास, लेकिन मेंस में हुए फेल
राजीव कुमार ने UPSC के लिए कुल तीन प्रयास किए, जिनमें तीसरे प्रयास में उन्हें सफलता मिली. उनका पहला प्रयास 2011 में था. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने इस परीक्षा के लिए गंभीर तैयारी भी नहीं की थी. उन्हें आज भी याद है कि 12 जून को प्रीलिम्स की परीक्षा थी और उन्होंने 27 मई को पहली बार UPSC की किताब उठाई थी. इसके बावजूद उनका प्रीलिम्स निकल गया. रिजल्ट आने के बाद उन्होंने मेंस की तैयारी शुरू की. कोचिंग संस्थानों में गए, लेकिन समय कम होने के कारण किसी ने दाखिला नहीं दिया. ऐसे में उन्होंने अपने एक दोस्त से किताबें और नोट्स लेकर तैयारी की. मेंस परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली. बाद में जब अंक देखे तो वह कटऑफ से महज 20 नंबर पीछे थे.
दूसरी असफलता ने बदल दी तैयारी की रणनीति
2012 में राजीव ने दूसरा प्रयास पूरी गंभीरता से किया. कोचिंग ली, पढ़ाई के लिए समय निकाला और दिन-रात मेहनत की. उस समय उनका MBA भी चल रहा था. वह पांच घंटे से ज्यादा नहीं सोते थे और बाकी समय पढ़ाई में लगाते थे. इसके बावजूद वह मेंस में कटऑफ से 12 अंक पीछे रह गए. लगातार दूसरी बार असफल होने के बाद उनके मन में सवाल था कि आखिर इतनी मेहनत के बावजूद कमी कहां रह गई. इसी दौरान किसी ने उन्हें UPSC पैनल से जुड़े रहे एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर से मिलने की सलाह दी. राजीव अपनी तैयारी और पढ़े हुए विषयों के साथ उनके पास पहुंचे.
प्रोफेसर ने उनकी तैयारी को समझने के बाद एक ऐसी बात कही, जिसने उनके पढ़ने का तरीका ही बदल दिया. उन्होंने बताया कि UPSC का पाठ्यक्रम समुद्र की तरह है, जिसे पूरी तरह पढ़ पाना संभव नहीं है. इसलिए ज्यादा से ज्यादा किताबें पढ़ने के बजाय सीमित सामग्री को बार-बार पढ़ना जरूरी है. किताबों से अपने नोट्स तैयार करने और उन्हीं नोट्स को दोहराने की सलाह भी दी. राजीव ने इस सलाह को गंभीरता से अपनाया. उन्होंने अपनी पूरी तैयारी के नोट्स बनाए. उनके ये नोट्स 15 रजिस्टर में तैयार हुए. अब उनका पूरा ध्यान इन्हीं नोट्स को बार-बार पढ़ने पर था.
Video: IPS बनने के लिए युवाओं को क्या सलाह देती हैं DCP आकांक्षा यादव? देखिए EXCLUSIVE बातचीत
तीसरे प्रयास में मिली मंजिल
इस बदली हुई रणनीति का असर 2013 की परीक्षा में दिखाई दिया. राजीव कुमार ने न केवल मेंस परीक्षा पास की, बल्कि इंटरव्यू तक पहुंचे और अंततः उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हो गया. उन्हें 670वीं रैंक मिली और वह 2014 बैच के IPS अधिकारी बने. उनका वैकल्पिक विषय फिलॉसफी था. UPSC इंटरव्यू के बारे में राजीव कहते हैं कि उनका इंटरव्यू करीब 35 मिनट तक चला. एक सवाल कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थिति पर था. उनसे पूछा गया कि यदि वह किसी जिले के SP हों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल प्रयोग जरूरी हो, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण उन्हें ऐसा करने से रोका जाए, तो वह क्या करेंगे? राजीव ने जवाब दिया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की जान-माल की सुरक्षा करना SP की जिम्मेदारी है. इसलिए वह कानून के दायरे में रहकर जरूरी कार्रवाई करेंगे.
‘UPSC में खरगोश नहीं, कछुआ कामयाब होता है’
आज DCP ईस्ट के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे राजीव कुमार अपनी सफलता का श्रेय निरंतरता और सही रणनीति को देते हैं. उनका मानना है कि UPSC में केवल तेज दिमाग होना काफी नहीं है. नियमित मेहनत और लंबे समय तक लक्ष्य पर टिके रहना ज्यादा जरूरी है. वह कहते हैं, “UPSC में कछुआ ज्यादा कामयाब होता है, खरगोश नहीं. जरूरी नहीं कि आपका IQ बहुत ज्यादा हो. अगर आप हर दिन लगातार मेहनत कर रहे हैं, तो आप सफल हो सकते हैं.” उनके मुताबिक, किसी विद्यार्थी के दसवीं या बारहवीं में कम अंक आने का मतलब यह नहीं है कि वह सिविल सेवा परीक्षा पास नहीं कर सकता. स्कूल में औसत प्रदर्शन करने वाले कई विद्यार्थी भी अपनी मेहनत के दम पर UPSC में सफल हुए हैं.
VIDEO: MCD स्कूल से IPS तक का सफर: DCP कुशल पाल सिंह ने युवाओं को बताया सफलता का मंत्र
असफलता से डरें नहीं, बैकअप भी रखें
UPSC की तैयारी कर रहे युवाओं को राजीव कुमार एक और महत्वपूर्ण सलाह देते हैं. उनका कहना है कि सिविल सेवा को लक्ष्य बनाना अच्छी बात है, लेकिन इसके साथ कोई दूसरा विकल्प भी जरूर रखना चाहिए. उन्होंने खुद नौकरी करते हुए तैयारी की थी और उनका मानना है कि UPSC की तैयारी केवल परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं रहती. “हो सकता है आप सिविल सर्विसेज में चयनित न हों, लेकिन अगर आपने गंभीरता से UPSC की तैयारी की है, तो आपकी नॉलेज और समझ इतनी विकसित हो जाती है कि आप जिंदगी की लड़ाई जरूर जीत सकते हैं.”
पुलिस सेवा में आने के बाद राजीव कुमार ने अपने अनुभव से तीन गुणों को सबसे महत्वपूर्ण माना है – त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, ईमानदारी और अनुशासन के साथ काम करना तथा कठिन परिस्थितियों में भी लगातार मेहनत करते रहना. उनके मुताबिक, पुलिसिंग 24 घंटे की जिम्मेदारी है. कई बार किसी अधिकारी का एक फैसला लोगों की जिंदगी और सुरक्षा पर सीधा असर डाल सकता है. ऐसे में समय पर निर्णय लेना बेहद जरूरी है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली DCP के 24 घंटे कैसे बीतते हैं? IPS आकांक्षा यादव ने कैमरे पर बताया पूरा रूटीन
यह भी पढ़ें- हरियाणा की बेटी अभिजीत कौर बिहार जाकर बनीं DSP, UPSC नहीं निकला तो BPSC क्रैक कर डाली
यह भी पढ़ें- UPSC टॉपर IAS शक्ति दुबे को योगी सरकार ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बिलारी की न्यायिक SDM
यह भी पढ़ें- सरकारी स्कूल में पढ़कर IPS बने कुशाल पाल सिंह, अब द्वारका दिल्ली के DCP, बोले-हम 24 घंटे ऑन ड्यूटी





