
Dev Uthani Ekadashi 2026: सनातन धर्म में देवउठनी एकादशी का दिन बेहद पावन और महत्वपूर्ण माना जाता है. इसे देव प्रबोधिनी एकादशी या देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल की देवशयनी एकादशी से चार महीने की योग निद्रा में गए भगवान विष्णु इसी दिन जागते हैं. श्रीहरि के जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और शादी-विवाह, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे सभी मांगलिक कार्यों की फिर से शुरुआत हो जाती है.
इस साल देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर 2026 को रखा जाएगा. श्री लक्ष्मीनारायण एस्ट्रो सॉल्यूशन, अजमेर की निदेशिका ज्योतिषाचार्या एवं टैरो कार्ड रीडर नीतिका शर्मा के अनुसार, इस शुभ अवसर पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करने पर जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है. आइए विस्तार से जानते हैं इस वर्ष के शुभ मुहूर्त, तुलसी विवाह की तिथि, पूजा विधि और इस दिन बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में.
देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह 2026 का शुभ मुहूर्त:
ज्योतिषाचार्या नीतिका शर्मा ने पंचांग की गणना के आधार पर बताया कि इस साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 07 बजकर 16 मिनट से प्रारंभ होगी. इस तिथि का समापन अगले दिन यानी 21 नवंबर को सुबह 06 बजकर 32 मिनट पर होगा.
क्योंकि उदयातिथि और व्रत के नियमों के अनुसार मुख्य तिथि 20 नवंबर को पड़ रही है, इसलिए देवउठनी एकादशी का व्रत और पूजन 20 नवंबर को ही किया जाएगा. वहीं, इसके अगले दिन यानी 21 नवंबर 2026 को पारंपरिक रूप से तुलसी विवाह का आयोजन होगा.
देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह का धार्मिक महत्व:
शास्त्रों में बताया गया है कि चार महीने तक सृष्टि का संचालन भगवान शिव के पास रहता है, लेकिन देवउठनी एकादशी पर जागने के बाद भगवान विष्णु फिर से सृष्टि का कार्यभार संभालते हैं. इस दिन व्रत रखने से व्यक्ति के सारे पाप नष्ट हो जाते हैं और पूर्वजों को मोक्ष की प्राप्ति होती है.
इस दिन घरों में विशेष उत्साह देखने को मिलता है. महिलाएं दिन भर उपवास रखती हैं और शाम के समय आंगन में रोली से चौक पूर कर भगवान विष्णु के चरणों की कलात्मक आकृति बनाती हैं. इसके साथ ही माता तुलसी का सोलह श्रृंगार कर उन्हें चुनरी ओढ़ाई जाती है और उनकी परिक्रमा की जाती है.
पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान विष्णु के अवतार श्रीकृष्ण ने एकादशी के दिन ही देवी वृंदा (तुलसी) से विवाह किया था. 21 नवंबर को भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह कराने से दांपत्य जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं और कन्यादान के समान पुण्य फल प्राप्त होता है.
देवउठनी एकादशी की संपूर्ण पूजा विधि और मंत्र:
इस पावन दिन पर सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े धारण करें. पूजा के दौरान भगवान विष्णु को धूप, दीप, पुष्प, मौसमी फल (जैसे सिंघाड़ा और गन्ना), अर्घ्य और चंदन अर्पित करें. रात्रि में विधिवत पूजन करने के बाद प्रातःकाल शंख और घंटा बजाकर भगवान को जगाने की परंपरा है. पूजा के समय नीचे दिए गए मंत्रों का जाप करना बहुत फलदायी माना गया है:
भगवान को जगाने का मंत्र:
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविंद त्यज निद्रां जगत्पते। त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदिम्।।
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ वाराह दंष्ट्रोद्धृतवसुंधरे। हिरण्याक्षप्राघातिन् त्रैलोक्यो मंगल कुरु।।
प्रार्थना मंत्र (आरती व पुष्प अर्पण के समय):
इयं तु द्वादशी देव प्रबोधाय विनिर्मिता।
त्वयैव सर्वलोकानां हितार्थं शेषशायिना।।
इदं व्रतं मया देव कृतं प्रीत्यै तव प्रभो।
न्यूनं संपूर्णतां यातु त्वत्वप्रसादाज्जनार्दन।।
मंत्रोच्चार के बाद भगवान की आरती उतारें और सभी परिवारजनों में प्रसाद वितरित करें.
पारंपरिक देवउठनी एकादशी गीत:
उठो देव बैठो देव, हाथ-पाँव फटकारो देव
उँगलियाँ चटकाओ देव, सिंघाड़े का भोग लगाओ देव
गन्ने का भोग लगाओ देव, सब चीजों का भोग लगाओ देव ॥
उठो देव बैठो देव, उठो देव, बैठो देव
देव उठेंगे कातक मास, नयी टोकरी, नयी कपास
ज़ारे मूसे गोवल जा, गोवल जाके, दाब कटा
दाब कटाके, बोण बटा, बोण बटाके, खाट बुना
खाट बुनाके, दोवन दे, दोवन देके दरी बिछा
दरी बिछाके लोट लगा, लोट लगाके मोटों हो, झोटो हो
गोरी गाय, कपला गाय, जाको दूध, महापन होए, सहापन होए.
जितनी अम्बर, तारिइयो, इतनी या घर गावनियो
जितने जंगल सीख सलाई, इतनी या घर बहुअन आई
जितने जंगल हीसा रोड़े, जितने जंगल झाऊ झुंड
इतने याघर जन्मो पूत
ओले क़ोले, धरे चपेटा, ओले क़ोले, धरे अनार
ओले क़ोले, धरे मंजीरा, उठो देव बैठो देव.
श्रीहरि की कृपा पाने के लिए एकादशी के दिन जरूर करें ये काम:
ज्योतिषाचार्या नीतिका शर्मा के मुताबिक, इस दिन अपनी क्षमता अनुसार दान-पुण्य करना बेहद शुभ होता है. अगर संभव हो तो इस दिन किसी पवित्र नदी या गंगा में स्नान करें.
जिन लोगों के विवाह में अड़चनें आ रही हैं, उन्हें देवउठनी एकादशी के दिन केसर, केला या हल्दी का दान अवश्य करना चाहिए. इससे गुरु ग्रह मजबूत होता है और जल्द विवाह के योग बनते हैं.
इन 5 गलतियों से बचें, वरना अधूरा रह जाएगा व्रत का फल:
1. चावल का सेवन न करें: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, किसी भी एकादशी पर चावल खाना वर्जित है, चाहे आपने व्रत रखा हो या नहीं. ऐसा माना जाता है कि एकादशी के दिन चावल खाने से अगला जन्म रेंगने वाले जीव के रूप में मिलता है.
2. तामसिक चीजों से दूरी: एकादशी के दिन मांस और मदिरा का सेवन तो दूर, इन्हें घर के भीतर लाना भी अशुभ माना जाता है. इससे जीवन में नकारात्मकता और परेशानियां बढ़ती हैं.
3. महिलाओं का सम्मान करें: इस दिन घर की या बाहर की किसी भी महिला का अपमान भूलकर भी न करें. चाहे वे उम्र में आपसे छोटी हों या बड़ी, उनका अनादर करने से व्रत के सारे पुण्य नष्ट हो जाते हैं.
4. क्रोध और विवाद से बचें: एकादशी का दिन भगवान के भजन-कीर्तन और शांत मन से आराधना करने का है. इस दिन किसी पर गुस्सा न करें और वाद-विवाद से खुद को दूर रखें.
5. ब्रह्मचर्य का पालन: व्रत रखने वाले और परिवार के सदस्यों को इस दिन पूर्ण रूप से ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए और सात्विक विचारों के साथ श्रीहरि की उपासना करनी चाहिए.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
