
अमित साध ने अपनी दमदार एक्टिंग और शानदार स्क्रीन प्रेजेंस से फैंस के बीच खास पहचान बनाई है. ‘ब्रीद’, ‘अवरोध: द सीज विदिन’ और ‘जीत की जिद’ जैसी फिल्मों और सीरीज में उनके काम को खूब सराहना मिली है. अब वह अपनी फिल्म ‘प्रताप’ की बड़े पर्दे पर रिलीज की तैयारी कर रहे हैं. खास बात ये है कि 2018 में आई फिल्म ‘गोल्ड’ के बाद ये आठ साल में उनकी पहली बड़ी थिएट्रिकल फिल्म होगी.
अब हाल ही में उन्होंने काम ना मिलने पर खुलकर बात की है.
निर्देशन को लेकर क्या बोले अमित साध?
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत के दौरान अमित साध से पूछा गया कि क्या वो कभी खुद फिल्म बनाने या निर्देशन करने का सपना देखते हैं. इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका ऐसा कोई सपना नहीं है. उनकी बस यही उम्मीद है कि उनकी फिल्म ‘प्रताप’ अच्छा प्रदर्शन करे.
अमित ने हंसते हुए कहा, ‘वरना जिस सपने को लेकर हम मुंबई आए थे, वो अधूरा रह जाएगा.’
अमित साध ने आगे कहा कि एक क्रिएटिव इंसान होने के नाते वो कुछ भी कर सकते हैं, बस सही समय पर अपनी बात रखने का सही तरीका मिलना चाहिए. फिलहाल वह अच्छा काम करना चाहते हैं और ज्यादा से ज्यादा फिल्मों और सीरीज में नजर आना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि कई लोग उनसे कहते हैं कि वो फिल्मों और शोज में कम दिखाई देते हैं. लेकिन ऐसा नहीं है कि वो घर पर बैठकर काम का इंतजार कर रहे हैं. उन्हें पता है कि दर्शक उन्हें देखना चाहते हैं.
एक्टर ने जताई उम्मीद
अमित ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि फिल्ममेकर्स और कास्टिंग डायरेक्टर्स अब जागेंगे और मुझे ज्यादा काम देंगे. पता नहीं वे मुझसे इतने नाराज क्यों हैं और मुझे काम क्यों नहीं देते. मैं काम करना चाहता हूं और एक एक्टर के तौर पर इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं. उम्मीद है कि ‘प्रताप’ मेरे लिए ये सब बदल देगी.’
बातचीत के आखिर में उन्होंने अपने जज्बे के बारे में कहा, ‘मैं हारने वाला इंसान नहीं हूं. मैं यहां हारने नहीं आया हूं. आप मुझे जानते हैं, मैं एक फाइटर हूं, एक ग्लैडिएटर हूं. मैं लड़ता रहूंगा.’
‘प्रताप’ में दिखा दमदार अंदाज
फिल्म के ट्रेलर में अमित साध एक पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसकी जिंदगी उस वक्त बदल जाती है, जब उसे जेल जाना पड़ता है. ट्रेलर में कहानी के पुराने और नए दौर की झलक दिखाई गई है. इसमें पता चलता है कि आखिर किन हालात में वह जेल पहुंचा और अब उसे किन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. जबरदस्त एक्शन, तनाव भरे सीन और कई ट्विस्ट फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ाते हैं. फिल्म में ईशा देओल भी अहम भूमिका में नजर आएंगी.
कब रिलीज हेगी ‘प्रताप’?
सचिन सराफ के निर्देशन और लेखन में बनी इस फिल्म में अमित साध और ईशा देओल के अलावा सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुणाजी भी नजर आएंगे. फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.