
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. सोशल मीडिया पर जहां उनकी बेटी शिवांगी सिंह की पहली तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, वहीं शादी का निमंत्रण कार्ड भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी को यादगार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है और दावा किया है कि इस समारोह में देशभर से लोग शामिल हो सकते हैं.
मोकामा विधायक अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी की छोटी बेटी शिवांगी सिंह पहली बार सार्वजनिक चर्चा में आई हैं. अब तक वे अपने पिता की राजनीतिक और सार्वजनिक पहचान से दूर रही हैं. बताया जा रहा है कि शिवांगी ने ग्रेजुएशन और मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की है. हाल ही में उनकी तस्वीर और शादी का कार्ड सामने आने के बाद यह विवाह समारोह चर्चा का केंद्र बन गया है.

कौन हैं दूल्हे राजा ऋषिकेश कुमार?
वायरल हो रहे शादी के कार्ड के अनुसार शिवांगी सिंह का विवाह ऋषिकेश कुमार से तय हुआ है. ऋषिकेश ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है. वे कमांडेंट रणविजय कुमार के पुत्र हैं और बिहार के पटना जिले के बिहटा के निवासी हैं.
शादी के कार्ड में दिए गए कार्यक्रमों के अनुसार समारोह कई दिनों तक चलेगा.
- 20 नवंबर 2026 (शुक्रवार) : शुभ फलदान एवं तिलकोत्सव
- 23 नवंबर 2026 (सोमवार) : हल्दी कलश
- 24 नवंबर 2026 (मंगलवार) : मेहंदी एवं संगीत
- 25 नवंबर 2026 (बुधवार) : शुभ उपनयन संस्कार (चि. अभिनव कुमार)
- 25 नवंबर 2026 (बुधवार) : बारात स्वागत, प्रीतिभोज और रात्रि में शुभ विवाह
- सभी को दिया जा रहा न्योता
अनंत सिंह खुद अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण लेकर लोगों के बीच पहुंच रहे हैं. उन्होंने कहा है कि जो भी शादी में आना चाहता है, उसका स्वागत है. उन्होंने यहां तक कहा कि “हिंदुस्तान-पाकिस्तान, जहां से भी लोग आना चाहें, आएं.”
वह पक्ष और विपक्ष दोनों के नेताओं को शादी में आमंत्रित कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव समेत कई प्रमुख नेताओं को निमंत्रण दिया जा रहा है. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को भी वे शादी का न्योता दे चुके हैं. अनंत सिंह ने यह भी कहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शादी का कार्ड देने की कोशिश करेंगे.
तीन दर्जन कलाकारों के आने का दावा
अनंत सिंह ने दावा किया है कि शादी समारोह में मनोरंजन जगत की भी बड़ी मौजूदगी देखने को मिल सकती है. उनके मुताबिक अभिनेता सोनू सूद, सांसद एवं गायक मनोज तिवारी, लोकगायिका मैथिली ठाकुर, अभिनेत्री-गायिका अक्षरा सिंह और भोजपुरी स्टार पवन सिंह समेत करीब तीन दर्जन फिल्म और संगीत जगत की हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है.

4 लाख लोगों के भोजन की तैयारी
इस शादी की सबसे ज्यादा चर्चा इसके भव्य इंतजामों को लेकर हो रही है. अनंत सिंह का दावा है कि शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन की तैयारी की जा रही है. मेहमानों के लिए खाने में 150 से अधिक प्रकार के व्यंजन परोसने की योजना है.
मोकामा स्थित उनके गांव में विशाल मंडप बनाया जा रहा है. घुड़सवारी से लेकर स्वागत समारोह तक हर व्यवस्था को भव्य स्वरूप देने की तैयारी चल रही है. गांव में शादी को लेकर जोर-शोर से तैयारियां जारी हैं और स्थानीय स्तर पर भी इस समारोह को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह की बेटी की शादी में PM मोदी से लेकर नीतीश-लालू तक को न्योता, कार्ड आया सामने, 4 लाख लोगों का भोज





