मध्य प्रदेश

मंडी में BJP की ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा, जयराम ठाकुर का कांग्रेस पर हमला


मंडी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विशाल ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा ऐतिहासिक जनसैलाब की गवाह बनी, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने हिस्सा लेकर विपक्ष की अराजक राजनीति के खिलाफ हुंकार भरी. 

इस आक्रोश प्रदर्शन और पदयात्रा का नेतृत्व करते हुए हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखे राजनीतिक बाण चलाए और स्पष्ट किया कि मंडी की सड़कों पर उमड़ा यह अभूतपूर्व जनसमर्थन इस बात का जीवंत प्रमाण है कि देश व प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं तथा लोकतंत्र की गरिमा की रक्षा के लिए पूरी दृढ़ता और निष्ठा के साथ एकजुट होकर खड़ी है. 

पदयात्रा के संबोधन में बरसे जयराम ठाकुर

पड्डल मैदान से सेरी मंच पहुंची पदयात्रा के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि आज भारत उनके मार्गदर्शन में निरंतर विकास, सुशासन, पारदर्शिता और एक सशक्त व समृद्ध लोकतंत्र की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसकी वैश्विक स्तर पर सराहना हो रही है. 

उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी चुनाव परिणाम विपक्ष के अनुकूल नहीं होते, तो वे देश की निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर अनर्गल सवाल उठाने लगते हैं और ‘वोट चोरी’ जैसे नितांत झूठे, तथ्यहीन तथा भ्रामक प्रचार के माध्यम से देश की सम्मानित जनता को गुमराह करने का कुत्सित प्रयास करते हैं, जिसका लोकतांत्रिक तरीके से मुंहतोड़ जवाब देना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है.

कांग्रेस पर जयराम ठाकुर का निशाना

जयराम ठाकुर ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष की नकारात्मक, अराजक राजनीति और समाज को बांटने वाले झूठे नैरेटिव के विरुद्ध मंडी की जनता का यह एकजुट संकल्प देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को कभी स्वीकार नहीं करेगा. 

जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि आज तक देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था से ही सरकारें चुनी जाती रही है लेकिन पहली बार देश में सत्ता परिवर्तन के लिए कुछ लोग अराजकता का सहारा ले रहे हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोच रहे हैं कि जिस प्रकार बांग्लादेश में अराजकता से सत्ता परिवर्तन हुआ ऐसा ही भारत में भी हो सकता है लेकिन वो भूल चुके हैं ये देश बांग्लादेश नहीं हो सकता. 

‘चुनाव जीतने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है’

बीजेपी नेता जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है जो कांग्रेस कर नहीं पा रही है और अराजकता का सहारा ले रही है. ये देश संविधान से चलता है, गांधी परिवार की धमकियों से नहीं. जिस एसआईआर प्रक्रिया पर राहुल गांधी सवाल उठा रहे हैं उसका मतलब सिर्फ इतना है कि गलत वोट बनना नहीं चाहिए और ठीक वोट कटना नहीं चाहिए. 

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं को सबसे बड़ी पीड़ा इस प्रक्रिया से तब हुई जब उनके समय में देश में घुसे घुसपैठियों को एसआईआर ने बाहर का रास्ता दिखाया. प्रधानमंत्री मोदी जी को पिता की गाली देना बर्दाश्त के योग्य नहीं है. कांग्रेस नेता पागल हो चुके हैं. अब समय आ चुका है कि अराजकता फैलाने वालों को मुंह तोड़ जवाब दें. 

उन्होंने कहा कि विचित्र बात तब लगी जब हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली जाकर प्रदर्शन करने जा रहे हैं जिन्हें इसी चुनाव आयोग ने चुना है जिसके खिलाफ इनके नेता वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिस प्रक्रिया ने राहुल गांधी को सांसद बनाया है उस पर वो सवाल उठा रहे हैं. ऐसा ही हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू कर रहे हैं जिन्हें इस संवैधानिक पद पर इसी प्रक्रिया ने बैठाया है. 

जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू से पूछा सवाल

उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि अगर आपको चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर संदेह है तो अपने पद से इस्तीफा दें. उन्होंने कहा कि अपने रामपुर के विधायक की दुःखद मृत्यु के दिन भी मुख्यमंत्री चंबा में जाकर नाटी डालकर जश्न मनाते रहे. ऐसी असंवेदनशीलता पहली बार देखी गई कि कांग्रेस विधायक की देह आंगन में है और उसी पार्टी के मुख्यमंत्री सत्ता मोह में कार्यक्रम रद्द नहीं कर पाए. 

जयराम ठाकुर का कहना है कि पूरे हिमाचल में विकास पर ताला लगा हुआ है. पिछली गारंटियां पूरी नहीं हुई और मुख्यमंत्री नए जिले बनाने के लिए नई गारंटी देने लगे हैं. अब आपकी विदाई का समय आ चुका है ऐसे में आप 68 जिले भी बना दें तो आपकी सरकार दोबारा सत्ता में नहीं आएगी. 

उन्होंने राज्य की खराब वित्तीय स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री के आर्थिक कुप्रबंधन को कसूरवार ठहराते हुए कहा कि बेतहाशा ऋण लेकर भी विकास कार्य करवाने में कांग्रेस सरकार फिसड्डी साबित हुई है. उन्होंने दावा किया कि इस बार बीजेपी मंडी में 10 में से 10 सीटें ही जीतेगी और प्रदेश में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी. 

कुल्लू के विधायक को मंत्री बनाने की घोषणा पर क्या कहा?

कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा को झूठी गारंटी करार देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि लगता है मुख्यमंत्री जी आपकी कुंडली खराब हो चुकी है. पूरे देश में ही कांग्रेस पार्टी की कुंडली खराब हो चुकी है और हर चुनाव हार रही है. जो हालात आपने हिमाचल प्रदेश की कर दी है और जो हाल कांग्रेस नेताओं का आपने किया है उससे तय है कि आपकी पार्टी अगले 30 वर्षों तक सत्ता में नहीं आएगी. 

मंडी-पठानकोट हाईवे पर नारला-बिजनी फोरलेन शुरू, सफर होगा आसान



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button