खबर

कानपुर में खूनी संघर्ष! जमीन विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका, गोली लगने से 4 लोग गंभीर रूप से घायल | kanpur-land-dispute-firing-four-injured-bidhnu-village-shootout-video



उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र स्थित दहेली सुजानपुर (दहेली उजागर) गांव बुधवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा. महज 3 बीघा 11 बिस्वा जमीन के विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक पक्ष ने सरेआम कई राउंड फायरिंग कर दी. इस वारदात में पिता-पुत्र समेत कुल चार लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दबंग खुलेआम असलहे लहराते हुए गोलियां बरसाते नजर आ रहे हैं.

स्थानीय लोगों के अनुसार, बिधनू के दहेली सुजानपुर गांव में 3 बीघा 11 बिस्वा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. बुधवार को आरोपी मुन्ना सिंह राठौर और उसका बेटा सागर अपने साथियों के साथ आधुनिक हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे. विरोध करने पर उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को कानपुर के हैलेट (एलएलआर) अस्पताल रेफर कर दिया. सीएचसी बिधनू के बाहर एंबुलेंस, पुलिस बल और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.

पीड़ित पक्ष ने बिधनू पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि वे पिछले पांच महीनों से लगातार थाने के चक्कर लगा रहे थे और जमीन कब्जाने की नीयत से दी जा रही धमकियों की शिकायत कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. पीड़ितों का आरोप है कि यदि पुलिस ने पहले ही सख्त कदम उठाए होते तो फायरिंग और खूनी संघर्ष की नौबत नहीं आती.

घटना के वीडियो में आरोपी मुन्ना सिंह राठौर और उसका बेटा सागर हाथों में असलहे लहराते और खुलेआम फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही एसीपी कृष्णकांत भारी पुलिस बल के साथ दहेली उजागर गांव पहुंचे. गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने मामले में तीन मुख्य आरोपियों को चिन्हित कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.

ये भी पढ़ें : बेंगलुरु से सवा घंटे में चेन्नई, हैदराबाद 2 घंटे में, साउथ बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी, रेल मंत्री ने किया ऐलान





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button