खबर

सिद्धू मूसेवाला के साथ जो हुआ, वह पंजाब में ‘फैशन’ बन चुका है… राहुल गांधी का बड़ा हमला | congress-rahul-gandhi-insaf-rally-sangrur-drugs-free-punjab



संगरूर:

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. बुधवार को कांग्रेस ने भी यहां से अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया. संगरूर में कांग्रेस ने ‘इंसाफ रैली’ की. इस रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने ड्रग्स का मुद्दा उठाया. 

राहुल ने कहा कि बहुत साल पहले मैंने कहा था कि पंजाब में नशा फैल रहा है तो सबने कहा कि राहुल गांधी को पंजाब के बारे में कुछ पता नहीं है. उन्होंने कहा कि ड्रग्स-फ्री पंजाब के लिए कांग्रेस को वोट दीजिए.

राहुल गांधी ने कहा कि ‘पंजाब में बहुत साल पहले मैं आया था, मैंने कहा था कि यहां नशा फैल रहा है. विपक्ष के सब लोगों ने कहा कि राहुल गांधी को पंजाब के बारे में कुछ नहीं मालूम. पंजाब में नशा नहीं फैल रहा. एक बात आपको समझनी होगी और पंजाब के हर व्यक्ति को समझनी होगी- या इस प्रदेश में इंडस्ट्री होगी, फैक्ट्रियां होंगी, खेती होगी… अगर ये चीजें नहीं होंगी तो नशा होगा. गैंगस्टर होंगे. सड़कों पर गोली चलेंगी.’

उन्होंने कहा कि मैंने सबसे पूछा कि पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा कौन सा है? तो सबने यही कहा कि पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा ड्रग्स का है, चिट्टा का है.

राहुल ने कहा कि पंजाब को पंजाब की सरकार दीजिए. कांग्रेस पार्टी की सरकार दीजिए. ऐसी सरकार दीजिए जो नशे से लड़े, ड्रग्स को यहां से मिटाए, रोजगार पैदा करे, उद्योगों को मजबूत करे और किसानों के साथ हमेशा खड़े रहे.

सिद्धू मूसेवाला पर क्या बोले राहुल?

रैली में राहुल गांधी ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का भी जिक्र किया. मूसेवाला को याद करते हुए बुधवार को उन्होंने कहा कि उनके साथ जो हुआ, वह आज पंजाब में ‘फैशन’ बन चुका है और जिस सोच ने उनकी हत्या की, वही सोच अब राज्य के हर कोने में फैल चुकी है.

उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला एक प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा थे और उनके भीतर पंजाब की आवाज थी, जिसे वह अपने गानों के माध्यम से दुनिया के सामने रखते थे.

राहुल ने कहा कि जब वह पहली बार मूसेवाला से मिले थे, तब उन्हें उनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. उन्हें बताया गया था कि वह सिंगर और अच्छे लड़के हैं और कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं.

उन्होंने कहा कि ‘जब मैंने उनका गाना ‘295’ सुना, तब मुझे पता चला कि पंजाब का एक बेहतरीन संगीतकार राजनीति में आ रहा है.’

उन्होंने कहा कि मूसेवाला पंजाब के लिए बड़े काम कर सकते थे, क्योंकि उनके अंदर पंजाब की आवाज थी और वह अपने गीतों के जरिए इसे दुनिया तक पहुंचाते थे. उन्होंने आरोप लगाया कि मूसेवाला को धमकियां मिल रही थीं, इसके बावजूद उनकी सुरक्षा हटा दी गई और एक दिन सरेआम दिनदहाड़े उनकी हत्या कर दी गई.

राहुल गांधी ने कहा, ‘जो सिद्धू मूसेवाला के साथ हुआ, वह पंजाब में फैशन बन चुका है। जिस सोच ने सिद्धू मूसेवाला को मार डाला, वही सोच आज पंजाब के हर कोने में फैल चुकी है.’

पीएम मोदी को दी बहस की चुनौती

राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती दी. राहुल ने कहा, मैंने कल उन्हें सीधा चैलेंज किया है. पीएम मोदी कहते हैं कि कांग्रेसी देशद्रोही हैं. मैंने कहा कि कहीं भी आ जाइए, मेरे साथ बैठिए, डिबेट कीजिए.

उन्होंने कहा कि मैं आपको गारंटी देता हूं कि पीएम मोदी मेरे सामने आकर बैठ नहीं सकते. उनके सारे नेता कह रहे हैं कि संसद में चर्चा करो. संसद में मेरा माइक बंद कर देते हो. मैं आपको गारंटी दे रहा हूं- पांच मिनट में साबित कर दूंगा कि पीएम मोदी देशद्रोही हैं, उन्हें ट्रंप कंट्रोल करते हैं.

अमित शाह पर भी बोला हमला

‘इंसाफ रैली’ में राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी हमला बोला. राहुल ने कहा कि अमित शाह ने ड्रग्स खत्म करने के लिए तीन साल की डेडलाइन रखी है, लेकिन उस समय तक तो वह गृहमंत्री रहेंगे ही नहीं.

राहुल ने दावा करते हुए कहा कि ‘मेरा मानना है कि केंद्र सरकार साल भर भी नहीं चलेगी.’

इतना ही नहीं, राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि अमित शाह ने जेल में गैंगस्टर पाल रखे हैं, कानून व्यवस्था की बात करनी है तो मणिपुर की भी करें.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button