धर्म

Shukracharya Story: देवगुरु से भी महान थे ये गुरु, फिर विष्णु से क्यों हुई दुश्मनी? जानें कलियुग के 3 सबक


Shukracharya Story in Hindi: पौराणिक ग्रंथों में ऐसे अनेक प्रसंग मिलते हैं जो ज्ञान, निष्ठा और परिस्थितियों के टकराव को दर्शाते हैं. एक ऐसा ही चरित्र है महर्षि शुक्राचार्य का. शास्त्र बताते हैं कि शुक्राचार्य का ज्ञान और उनकी नीतियां इतनी उच्च कोटि की थीं कि वे कई मामलों में देवताओं के गुरु बृहस्पति से भी अधिक निपुण माने जाते थे. 

फिर ऐसा क्या मोड़ आया कि जगत के पालनहार भगवान विष्णु और परम ज्ञानी शुक्राचार्य एक-दूसरे के आमने-सामने आ खड़े हुए? यह केवल एक पौराणिक कथा नहीं, बल्कि इसमें आज के जीवन और कलियुग के लिए गहरे जीवन-मूल्य छिपे हैं.

महर्षि भृगु के तेजस्वी पुत्र और गुरुकुल का पक्षपात

महाभारत के आदि पर्व के अनुसार, शुक्राचार्य सप्तऋषियों में श्रेष्ठ महर्षि भृगु और काव्यमाता के पुत्र थे. उनका आरंभिक नाम ‘उशना’ था. ज्ञान की प्राप्ति के लिए वे ऋषि अंगिरस के गुरुकुल पहुँचे.

गुरुकुल में शुक्राचार्य और ऋषि अंगिरस के पुत्र बृहस्पति साथ-साथ शिक्षा ग्रहण कर रहे थे. अपनी तीव्र बुद्धि और कठोर परिश्रम के बल पर शुक्राचार्य हर विधा में आगे निकल रहे थे. 

क्योंकि, जब देवताओं के लिए मुख्य मार्गदर्शक और गुरु चुनने का समय आया, तो ऋषि अंगिरस ने योग्यता से ऊपर अपने पुत्र-मोह को रखते हुए बृहस्पति को देवगुरु का पद सौंप दिया. इस पहले पक्षपात ने शुक्राचार्य के मन में गहरी ठेस पहुँचाई.

Shukracharya Story: देवगुरु से भी महान थे ये गुरु, फिर विष्णु से क्यों हुई दुश्मनी? जानें कलियुग के 3 सबक

काव्यमाता का वध और प्रतिशोध की ज्वाला

देवताओं और दानवों के निरंतर चलने वाले संग्राम के बीच एक बार असुर पराजित होकर शरण माँगने महर्षि भृगु के आश्रम पहुँचे. महर्षि की अनुपस्थिति में उनकी धर्मपत्नी काव्यमाता ने शरणागत असुरों को अभयदान दिया.

जब देवता आश्रम पर आक्रमण करने आए, तो काव्यमाता ने अपनी तपोबल की शक्ति से देवताओं को निद्रा में डाल दिया और देवराज इंद्र को बंदी बना लिया. यह देख सृष्टि के संतुलन की रक्षा हेतु भगवान श्रीहरि विष्णु प्रकट हुए और उन्होंने अपने सुदर्शन चक्र से काव्यमाता का मस्तक विच्छेद कर दिया.

अपनी निहत्थी माता की इस प्रकार हुई मृत्यु ने शुक्राचार्य को भीतर तक झकझोर दिया. एक ओर गुरुकुल का पक्षपात और दूसरी ओर माँ का वध, इन दो घटनाओं ने उन्हें देवताओं की व्यवस्था से पूरी तरह विमुख कर दिया. उन्होंने संकल्प लिया कि वे अब असुरों का मार्गदर्शन करेंगे.

शिव की कठोर तपस्या और मृत संजीवनी विद्या

असुरों की सबसे बड़ी कमजोरी यह थी कि युद्ध में मारे जाने के बाद वे फिर जीवित नहीं हो सकते थे, जबकि देवताओं के पास अमृत का संरक्षण था. इस असमानता को दूर करने के लिए शुक्राचार्य ने हजारों सालों तक एक पैर और उल्टे लटककर देवाधिदेव महादेव की घोर तपस्या की.

उनकी यह भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें ‘मृत संजीवनी मंत्र’ प्रदान किया. इस विद्या के प्रभाव से शुक्राचार्य युद्धभूमि में प्राण गंवाने वाले दैत्यों को फिर से जीवित कर देते थे. असुरों की शक्ति कई गुना बढ़ गई और देवताओं के लिए विजय पाना असंभव सा हो गया.

शिष्य की रक्षा या प्रभु से टकराव: कैसे फूटी शुक्राचार्य की आंख ?

शुक्राचार्य की कुशल नीतियों के कारण असुर सम्राट राजा बलि ने तीनों लोकों पर विजय प्राप्त कर ली. इंद्र का सिंहासन डोल उठा और देवता फिर श्रीहरि की शरण में पहुँचे.

भगवान विष्णु ने कश्यप ऋषि और माता अदिति के यहाँ वामन अवतार (बौने ब्राह्मण) लिया और राजा बलि के यज्ञ में पहुँचकर तीन पग भूमि दान में माँगी.

दूरदर्शी शुक्राचार्य तुरंत भांप गए कि यह साधारण याचक नहीं, साक्षात विष्णु हैं. उन्होंने बलि को चेतावनी दी: “हे राजन! यह दान मत दो, यह तुम्हारी संपूर्ण सत्ता छीनने आए हैं.”

लेकिन, बलि अपने वचन पर अडिग रहे. जब संकल्प के लिए कमंडल से जल छोड़ने की बारी आई, तो अपने शिष्य की रक्षा के लिए शुक्राचार्य सूक्ष्म रूप(छोटे आकर का) धारण कर कमंडल की टोटी में बैठ गए ताकि जल न बहे. 

भगवान विष्णु ने परिस्थिति को भांपते हुए कुशा (दर्भ घास) का तिका टोटी में डाला, जिससे शुक्राचार्य की एक आँख फूट गई. इसके बाद वामन देव ने दो पगों में पृथ्वी और आकाश नाप लिए और तीसरा पग बलि के शीश पर रखकर उन्हें पाताल का राजा बना दिया.

कलियुग के लिए जीवन के 3 बड़े सबक

शुक्राचार्य का जीवन हमें सिखाता है कि केवल ज्ञान का होना ही सब कुछ नहीं है; ज्ञान के साथ सही संगति और निष्पक्ष(Impartiality) सोच का होना भी उतना ही जरुरी है.

1. पहचानें: घर के भीतर कौन आ रहा है,देव या दानव?

आज के कलियुग में सबसे बड़ी भूल यह होती है कि हम बिना सोचे-समझे किसी को भी अपने जीवन, घर या निजी दायरे में आने दे देते हैं. जिस तरह काव्यमाता ने बिना परिणाम सोचे अधर्म का पक्ष लेने वाले असुरों को शरण दी और उसका अंत दुखद हुआ, वैसे ही हमें भी सतर्क रहना चाहिए. 

आवरण देखकर भरोसा न करें; परखें कि सामने वाले के विचार और कर्म सकारात्मक (दैवीय) हैं या नकारात्मक (असुरी). गलत व्यक्ति को दिया गया आश्रय विनाश का कारण बन सकता है.

2. गुरु कभी भेदभाव नहीं करता, फर्क सिर्फ नज़रिए का होता है

एक सच्चा गुरु अपने शिष्यों में कभी भेद नहीं करता; उसके लिए सब बराबर होते हैं. ऋषि अंगिरस ने जब बृहस्पति को चुना, तो वह पक्षपात नहीं बल्कि दोनों की अलग प्रकृति और भूमिका का चयन था. 

अक्सर जिसे हम भेदभाव समझ लेते हैं, वह दरअसल गुरु का शिष्य को उसकी सही मंजिल के हिसाब से तराशने का नज़रिया होता है.

3. भावना में बहकर नहीं, विवेक से लें निर्णय

अत्यधिक क्रोध और प्रतिशोध हमेशा दृष्टि को सीमित कर देते हैं. शुक्राचार्य के पास अद्वितीय ज्ञान और संजीवनी विद्या थी, किंतु व्यक्तिगत प्रतिशोध के कारण उन्होंने अपना सारा सामर्थ्य अधर्म के पक्ष को मजबूत करने में लगा दिया. 

जीवन में कोई भी बड़ा निर्णय लेते समय क्षणिक आक्रोश या व्यक्तिगत चोट को अपने विवेक पर हावी न होने दें.

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button