खबर

कश्मीर से कन्याकुमारी तक बच्चों से रणबीर कपूर पूछेंगे रामायण पर सवाल, जाएंगे 500 से ज्यादा स्कूलों में | From Kashmir to Kanyakumari Ranbir Kapoor will ask children questions about the Ramayana he plans to visit over 500 schools



रामायण के शाश्वत मूल्यों को नई पीढ़ी के और करीब लाने की दिशा में जियो हॉटस्टार ने नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ और I.I.M.U.N. (India’s International Movement to Unite Nations) के साथ मिलकर देशभर के करीब 20,000 छात्रों को ‘हर युग में राम: युवा नेतृत्वकर्ताओं के साथ एक संवाद’ के लिए एक मंच पर लाया. रणबीर कपूर, नितेश तिवारी, रवि दुबे और नमित मल्होत्रा की मौजूदगी में आयोजित इस पहल ने छात्रों को रामायण के चिरस्थायी मूल्यों, इसके प्रतिष्ठित पात्रों और उनके फैसलों और रिश्तों की आज के दौर में प्रासंगिकता पर खुलकर संवाद करने का एक अनूठा अवसर दिया.

कश्मीर से कन्याकुमारी तक पहुंचेंगे रणबीर कपूर

कश्मीर से कन्याकुमारी तक, 18 शहरों के 500 से अधिक स्कूलों की भागीदारी के साथ इस कार्यक्रम ने देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा आवाज़ों को एक साथ जोड़ा, ताकि वे यह समझ और साझा कर सकें कि उनकी पीढ़ी के लिए रामायण के क्या मायने हैं. यह संवाद मुंबई स्थित I.I.M.U.N. के मुख्यालय में आयोजित किया गया, जहां करीब 150 छात्र नेतृत्वकर्ता प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहे, जबकि देशभर के विभिन्न स्कूलों से हजारों छात्र अपनी कक्षाओं से वर्चुअल माध्यम से जुड़े. इस विशेष संवाद को एक खास एपिसोड के रूप में तैयार किया गया है, जो केवल जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा और इसके जरिए यह चर्चा देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगी.

रामायण की प्रचलित व्याख्याओं से आगे बढ़ते हुए छात्रों ने कई विचारशील और दिलचस्प सवाल पूछे. इनमें रामायण का वास्तविक नायक कौन है, यदि उन्हें भगवान राम से कुछ पूछने का अवसर मिले तो वे क्या पूछेंगे, रामायण के किस पात्र को वे अपना मित्र चुनना चाहेंगे और राम, सीता तथा लक्ष्मण में से किसकी यात्रा उन्हें सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण लगती है जैसे सवाल शामिल थे. इन चर्चाओं ने प्रेम, मित्रता, कर्तव्य, साहस, क्षमा और त्याग जैसे मूल्यों पर सार्थक संवाद का रास्ता खोला और यह समझने का अवसर दिया कि रामायण के मूल्य आज भी युवा भारतीयों के जीवन में किस तरह मायने रखते हैं.

क्या बोले रणबीर कपूर

‘रामायण: पार्ट वन’ में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर के लिए यह संवाद यह जानने का अवसर था कि नई पीढ़ी भारतीय सांस्कृतिक चेतना में गहराई से रचे-बसे इस चरित्र को किस नजरिए से देखती है.

उन्होंने कहा, “राम की कहानी पीढ़ियों से हमारे जीवन का हिस्सा रही है और उनकी भूमिका निभाना मेरे लिए बेहद विनम्र और भावपूर्ण अनुभव रहा है. इस संवाद को खास बनाने वाली बात यह थी कि मुझे यह सुनने का मौका मिला कि युवा अपने नजरिए से उनकी कहानी को किस तरह देखते और समझते हैं. इसने मुझे एक बार फिर यह महसूस कराया कि हर पीढ़ी राम से अलग तरीके से जुड़ सकती है, लेकिन फिर भी उनकी यात्रा में कुछ ऐसा जरूर पाती है जो बेहद अपना और जाना-पहचाना लगता है.”

‘रामायण’ के निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा, “रामायण ने हमें पीढ़ियों से ऐसी कहानियां, मूल्य और सीख दी हैं, जो आज भी हमारा मार्गदर्शन करती हैं. जब हम इस महाकाव्य को बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं, तब यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि युवा इन मूल्यों को जानें, समझें और उनसे अपना व्यक्तिगत जुड़ाव तलाशें. इस संवाद को खास बनाने वाली बात छात्रों की जिज्ञासा, उनकी ईमानदारी और उनका नजरिया था. यह देखना अद्भुत है कि हजारों वर्षों से हमारे बीच मौजूद यह कथा आज भी नई पीढ़ी के साथ उतनी ही गहराई से जुड़ती है.”

नितेश तिवारी ने दिया रिएक्शन

निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा, “रामायण की समृद्धि इस बात में है कि इसके भव्य और विराट प्रसंगों के साथ-साथ इसके पात्र बेहद मानवीय फैसलों और भावनाओं से भी गुजरते हैं. फिल्मकारों के रूप में हमारी जिम्मेदारी इस कहानी को नई पीढ़ी के लिए पर्दे पर लाते हुए उसकी उसी भावनात्मक सच्चाई को बनाए रखने की थी. छात्रों को इन पात्रों पर सवाल उठाते, उनके फैसलों पर विचार करते और अपने नजरिए से उनकी व्याख्या करते सुनना इस बात की खूबसूरत याद दिलाता है कि यह कथा आज भी इतनी प्रासंगिक और जीवंत क्यों है.”

लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे रवि दुबे ने कहा, “लक्ष्मण का किरदार निभाने से मुझे ऐसे रिश्ते को समझने का अवसर मिला, जिसकी नींव निष्ठा, प्रेम और कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण पर टिकी है. इस बातचीत के दौरान मेरे लिए सबसे दिलचस्प बात यह थी कि युवा इन रिश्तों और फैसलों को अपने अनुभवों के नजरिए से किस तरह देखते हैं. उनके विचारों ने मुझे भी लक्ष्मण को नए नजरिए से देखने का अवसर दिया और इस पहल का हिस्सा बनने का यह मेरे लिए सबसे सार्थक अनुभवों में से एक रहा.”

1 नवंबर से केवल जियो हॉटस्टार पर

‘हर युग में राम’ जियो हॉटस्टार, ‘रामायण’ के निर्माताओं और I.I.M.U.N. की एक साझा पहल है, जिसका उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक विरासत और शाश्वत मूल्यों को लेकर अलग-अलग पीढ़ियों के बीच सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है. लाइव और वर्चुअल माध्यम से फिल्म के कलाकारों व निर्माताओं को हजारों छात्रों से जोड़ते हुए यह पहल रामायण की निरंतर प्रासंगिकता का उत्सव मनाती है और युवाओं को अपने सवालों, विचारों और नजरिए के माध्यम से इसकी शिक्षाओं को समझने व उनसे जुड़ने के लिए प्रेरित करती है.

जियो हॉटस्टार के लिए तैयार किया गया यह विशेष एपिसोड 1 नवंबर से केवल जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा, जिसके जरिए यह अनूठा संवाद देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगा.

यह भी पढ़ें | सौ देशों में 50 हजार स्क्रीन पर रिलीज होगी रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की रामायणम्







Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button