खबर

अवैध खाद की जांच करने गए BDO अधिकारी को पकड़कर पीटा, सोने की चेन भी झपट ली | Katihar BDO Alleges Assault During Fertilizer Shop Inspection, Video of Incident Goes Viral



बिहार के कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड में खाद की दुकान की जांच करने पहुंचे प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और एक स्वच्छता पदाधिकारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामला अमदाबाद प्रखंड की बैदा पंचायत का बताया जा रहा है.

टीम के साथ जांच करने पहुंचे थे  BDO

जानकारी के अनुसार, प्रशासन को सूचना मिली थी कि इलाके में एक दुकान से अवैध और कथित रूप से मिलावटी खाद की बिक्री की जा रही है. शिकायत के आधार पर अमदाबाद के BDO रणबीर कुमार अपनी टीम के साथ जांच के लिए पहुंचे थे. आरोप है कि जांच के दौरान दुकानदार और उसके समर्थकों ने अधिकारियों का विरोध किया और बाद में हमला कर दिया.

BDO रणबीर कुमार ने बताया कि वह स्वच्छता सुपरवाइजर मोहम्मद जाकिर हुसैन, दो अंचल गार्ड और चालक के साथ जांच के लिए पहुंचे थे. जांच के दौरान एक नवनिर्मित भवन में खाद का भंडारण मिला, जहां कथित तौर पर लाइसेंस से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं. उन्होंने बताया कि इसकी फोटो और वीडियो भी बनाई गई थी.

60-70 लोगों की भीड़ ने घेर कर पीटा

अधिकारी के मुताबिक, इसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए. उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 60-70 लोगों की भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और धक्का-मुक्की की. इस दौरान स्वच्छता सुपरवाइजर मोहम्मद जाकिर हुसैन के साथ मारपीट की गई.

रणबीर कुमार का आरोप है कि भीड़ ने उनका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की और 26 ग्राम वजनी सोने की चेन भी झपट ली. उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ लोगों ने देसी पिस्तौल लहराते हुए धमकी दी कि अगर खाद जब्त किया गया तो संबंधित अधिकारियों को गोली मार दी जाएगी.

घटना के बाद BDO ने अमदाबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के साथ कथित मारपीट और हंगामे के वीडियो भी पुलिस को सौंपे गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें | बिहार टेंडर घोटाला: पांच IAS पर ED का श‍िकंजा, मोबाइल चैट ने उगले अफसरों के राज





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button