मध्य प्रदेश

हिमाचल: ‘भारत को बांग्लादेश बनाने की कोशिश’, राजीव बिंदल का इंडिया गठबंधन पर हमला


हिमाचल प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बुधवार (28 अक्टूबर) को शिमला में पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला. बिंदल ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन देश में अराजकता का माहौल बनाकर केंद्र सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है. 

उन्होंने कहा कि चुनावों में जनता द्वारा नकारे जाने के बाद विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना चाहता है. बिंदल ने कांग्रेस पर संविधान की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए हिमाचल प्रदेश में चार स्थानों पर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालने का ऐलान किया. वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सरकार रिपीट करने के दावे पर तंज कसते हुए इसे मुंगेरीलाल के हसीन सपने करार दिया.

‘देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहता है इंडिया गठबंधन’

शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजीव बिंदल ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को निशाने पर लिया. बिंदल ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहता है और भारत को बांग्लादेश जैसी स्थिति में ले जाने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी संविधान की धज्जियां उड़ाने का काम कर रहे हैं.

‘कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया’

बिंदल ने कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि देश में चुनी हुई सरकारों को गिराने से लेकर आपातकाल के दौरान संविधान में बदलाव करने तक, कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया. उन्होंने जम्मू-कश्मीर में दो संविधान और दो विधान की व्यवस्था का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की नीतियों पर भी सवाल उठाए. बिंदल ने कहा कि आज संविधान की बात करने वाले लोग ही अतीत में इसकी मर्यादाओं को तार-तार करते रहे हैं.

‘केंद्र सरकार को अस्थिर करने की साजिश’

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रही है, लेकिन जनता उसके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी. उन्होंने घुसपैठियों के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरते हुए आरोप लगाया कि घुसपैठियों को संरक्षण देकर देश के नागरिकों के अधिकारों पर चोट की जा रही है. 

‘लोकतंत्र की रक्षा में निकालेंगे पदयात्रा’

बिंदल ने कहा कि बीजेपी प्रदेश में लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरोध में चार स्थानों पर पदयात्राएं निकालेगी. उन्होंने बताया कि 30 अक्तूबर को धर्मशाला में और 1 नवंबर को शिमला में पदयात्रा आयोजित की जाएगी. शिमला में यह पदयात्रा पुराने बस अड्डे से चौड़ा मैदान तक निकाली जाएगी, जिसकी अगुवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा करेंगे. इसके अलावा 4 नवंबर को मंडी और हमीरपुर में भी पदयात्राएं निकाली जाएंगी.

ये भी पढ़ें: ‘जहां हूं खुश हूं’, कांग्रेस नेता ने बताया भावी CM तो बोले विक्रमादित्य सिंह



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button