

बिहार विधान परिषद चुनाव में दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज को बड़ी सफलता मिली है. पार्टी के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने चुनाव में जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेता मदन मोहन झा को पराजित कर दिया. मतगणना के शुरुआती दौर से ही एसपी राय बढ़त बनाए हुए थे और अंत तक अपनी बढ़त बरकरार रखी.
एसपी राय पहले भाजपा से जुड़े रहे हैं. पिछला चुनाव उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में लड़ा था, जिसमें वे दूसरे स्थान पर रहे थे. इस बार जन सुराज ने उन पर भरोसा जताते हुए मैदान में उतारा और उन्होंने पार्टी को अहम जीत दिलाई. दूसरी ओर, यह सीट लंबे समय से कांग्रेस के कब्जे में थी और मदन मोहन झा लगातार दो बार यहां से जीत दर्ज कर चुके थे.
महागठबंधन में फूट का फायदा जन सुराज को
इस चुनाव में महागठबंधन के दलों के बीच एकजुटता की कमी भी साफ दिखाई दी. दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस, राजद और सीपीएम ने अलग-अलग उम्मीदवार उतारे, जिससे विपक्षी वोट कई हिस्सों में बंट गए. इसका सीधा लाभ जन सुराज उम्मीदवार एसपी राय को मिला. प्रथम वरीयता मतों में एसपी राय को 2,574 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मदन मोहन झा को 2,187 वोट प्राप्त हुए. सीपीएम उम्मीदवार रामदेव राय को 1,498 और राजद उम्मीदवार कुमर राउत को 126 वोट मिले.
मतगणना के दौरान ही मदन मोहन झा काउंटिंग सेंटर से निकल गए थे, जिससे चुनाव परिणाम को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई थी. उनकी हार कांग्रेस के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है. इस नतीजे के बाद विधान परिषद में कांग्रेस की मौजूदगी और कमजोर हो सकती है. इधर, दरभंगा स्नातक सीट पर भी महागठबंधन के 3 दल आमने-सामने हैं. यहां राजद, कांग्रेस, माले तीनों ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं.
वहीं, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. राहुल राज ने शानदार जीत दर्ज की है. राहुल राज पहले भाजपा से जुड़े रहे थे, लेकिन चुनाव से पहले पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था. इसके बावजूद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरकर जीत हासिल की. चुनाव के दौरान पूर्व सांसद आनंद मोहन ने राहुल राज को खुला समर्थन दिया था.
बिहार के मुजफ्फरपुर में MLC चुनाव में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीतने वाले उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि आज की जीत NDA में शामिल दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं की जीत है. यह जीत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की है. सरकार शिक्षकों के हित में काम करेगी, और इसी वजह से शिक्षकों ने सरकार पर भरोसा जताया और जीत पक्की की.
ये भी पढ़ें : MLC Election LIVE: जन सुराज ने दरभंगा शिक्षक सीट पर फहराया परचम, सुरेश प्रसाद राय ने मदन मोहन झा को हराया





