खबर

दिल्ली में लगेगा परिवहन मेला, एक ही जगह पर पुराने बस-ट्रक को स्क्रैपिंग और नई गाड़ी खरीदने का मौका | transport fair on 28 October in Delhi offering an opportunity to scrap old buses and trucks and purchase new vehicles



दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम करने और पुराने कमर्शियल गाड़ियों को हटाने के लिए सरकार एक बड़ी पहल करने जा रही है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, दिल्ली सरकार के सहयोग से कल यानी 28 अक्टूबर 2026 (बुधवार) को दिल्ली में परिवर्तन योजना के तहत एक विशेष ‘परिवहन मेला’ आयोजित करने जा रहा है. यह मेला पुराने ट्रक और बस मालिकों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा, जहां उन्हें गाड़ियों को स्क्रैप करने से लेकर नई गाड़ियां खरीदने तक की पूरी जानकारी और मदद एक ही जगह पर मिलेगी.

जानकारी के मुताबिक, 28 अक्टूबर को लगने वाला परिवहन मेला सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा. यह मेला उत्तरी दिल्ली बुराड़ी में जिला परिवहन कार्यालय (DTO) के पास लगाया जाएगा.

एक ही छत के नीचे मिलेंगे गाड़ी उद्योग से जुड़े सभी एक्सपर्ट्स

इस मेले में वाहन मालिकों की सुविधा के लिए गाड़ी बनाने वाली कंपनियां (OEMs) और उनके डीलर, मान्यता प्राप्त व्हीकल स्क्रैपिंग सेंटर (RVSF), बैंक और फाइनेंस कंपनियां (NBFCs), तेल कंपनियां और सीएनजी/गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एक साथ मौजूद रहेंगे. गाड़ी मालिक सीधे इनसे मिलकर लोन के विकल्पों, स्क्रैपिंग की सही प्रक्रिया और नई गाड़ियों पर मिलने वाले फायदों के बारे में बातचीत कर सकते हैं.

पुरानी गाड़ी बदलने पर सरकार दे रही है भारी छूट

परिवर्तन योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर की हवा को साफ बनाना है. इसके लिए पुराने ट्रकों और बसों को बदलकर नए और आधुनिक वाहनों को अपनाने पर सरकार कई ऑफर दे रही है.

नई गाड़ी खरीदने पर कंपनी की तरफ से मिलने वाले डिस्काउंट के अलावा कम से कम 8% की अतिरिक्त छूट मिलेगी.
गाड़ी के लिए लोन लेने पर ब्याज दर में 5% की सब्सिडी दी जाएगी.
नए वाहन पर पूरे 10 वर्षों के लिए कोई रोड टैक्स नहीं देना होगा.
इलेक्ट्रिक वाहन (EV) खरीदने पर एकमुश्त नकद लाभ, हर महीने ईंधन (फ्यूल) के वाउचर और रजिस्ट्रेशन फीस से भी पूरी छूट दी जा रही है.

परिवर्तन पोर्टल पर 40 हजार रजिस्ट्रेशन

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक लगभग 40000 वाहन मालिक परिवर्तन पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. इस परिवहन मेले के जरिए सरकार का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इस योजना का लाभ पहुंचाना और आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाना है.

यह भी पढ़ें | गंभीर संकट में दिल्ली ! गैर-BS6 गाड़ियों पर बैन का हो सकता है भयानक असर




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button