
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस वर्ष मंडियों में 600 उपनिरीक्षकों सहित 1,500 से अधिक पदों पर नई भर्तियां की जाएंगी. उन्होंने बताया कि अब तक 85 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि अगले वर्ष 1 लाख भर्तियां करने का लक्ष्य रखा गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर विभाग में कर्मचारियों की समय पर पदोन्नति हो और अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों का भी जल्द से जल्द निराकरण किया जाए. उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल कर्मचारियों के लिए खुशी का विषय नहीं है, बल्कि सरकार के लिए भी संतोष की बात है कि वह अपने अधिकारी-कर्मचारियों के हितों का ध्यान रख रही है.
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि कुल 3,357 शासकीय सेवकों को पदोन्नति मिली है. इनमें 1,725 अधिकारी-कर्मचारी, कृषि विपणन बोर्ड के 1,439 कर्मचारी और कृषि अभियांत्रिकी विभाग के 139 कर्मचारी शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ-साथ उन परिवारों की भी चिंता कर रही है, जिन्होंने असमय अपने किसी स्वजन को खो दिया है. अब तक करीब 300 अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है. वहीं, 44 युवाओं को सहायक वर्ग-3 के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अनुकंपा नियुक्ति के शेष लंबित प्रकरणों का भी जल्द निराकरण किया जाए और लंबित मामलों की संख्या शून्य तक पहुंचाई जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि असमय अपने लोगों को खोने वाले परिवारों के दर्द को समझना जरूरी है और इसी संवेदनशीलता के साथ सरकार व पूरा विभाग इन परिवारों के साथ खड़ा है.
