
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार (30 सितंबर) की सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. यहां एक रिटायर्ड IAS अधिकारी की उनके घर के अंदर ही गला रेतकर हत्या कर दी गई. रिटायर्ड अधिकारी राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ रहते थे. प्रथम दृष्टया पुलिस को घर में काम करने वाले शख्स पर शक है. हत्या के बाद से वह गायब बताया जा रहा है.
मामला रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर का है. पुलिस को जांच में पता चला है कि राकेश अग्रवाल ने दो दिन पहले ही अपने घर पर काम करने के लिए एक हाउस हेल्प को रखा था. उसके घर आने के दो दिन बाद ही राकेश अग्रवाल की हत्या हो गई और अब वह नौकर भी गायब है.
यह भी पढ़ें: कटनी: सरकार की तरफ से मिलीं थी फ्री साइकिलें, 1 महीने में ही ले ली गईं वापस!
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजय कुमार समेत पुलिस के सीनियर अधिकारी राकेश अग्रवाल के घर पहुंचे. प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने की बात सामने आई है. फॉरेंसिक की टीम भी मौका-ए-वारदात पर पहुंची है और सबूत जुटाने में लगी हुई है. इसके अलावा, पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है. साथ ही आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ जारी है.
केयरटेकर असाइन करने वाली एजेंसी से पूछताछ
मृतक राकेश अग्रवाल भोपाल के सूरज नगर में रहने वाले 1982 बैच के रिटायर्ड आईएएस ऑफिसर थे. हत्या के बाद से ही घर फुल टाइम केयरटेकर वरुण कुमार गायब है जिसे एक एजेंसी के माध्यम से दो दिन पहले ही हायर किया गया था. पुलिस का कहना है कि उस एजेंसी से भी पूछताछ की जा रही है जिसके माध्यम से वरुण कुमार की हायरिंग की गई थी.
पुलिस का कहना है कि घर की अलमारी खुली पाई गई लेकिन अभी तक इस बात को पुष्टि नहीं की जा सकी है कि घर से कौन-कौन सा कीमती सामान गायब है.
हत्या को हादसे का रंग देने की भी थी कोशिश
घर का दरवाजा बाहर से बंद था और घर के अंदर मौजूद दोनों एलपीजी सिलेंडर के नॉब खुले हुए थे. घर में गैस भर गई थी. ऐसे में शंका इस बात की भी है कि पूरी घटना को हत्या के बाद हादसे का रंग देने की कोशिश थी.
सूरज नगर के इस फार्म हाउस में राकेश अग्रवाल और उनकी पत्नी अकेले रहा करते थे. उनका एक बेटा है जो अमेरिका में रहता है. घटना का पता राकेश अग्रवाल की पत्नी को तब चला जब वह मॉर्निंग वॉक के लिए सुबह 5:30 बजे उठीं. इसके बाद उन्होंने पुलिस को इस बात की सूचना दी.
यह भी पढ़ें: दिवंगत शिक्षकों-कर्मचारियों के परिवारों का पूरा ध्यान रख रहे सीएम डॉ. मोहन, किस बात पर कर रहे फोकस?