खबर

IAS से इस्तीफा देने वालीं दिव्या मित्तल सियासत में उतरेंगी, सोशल मीडिया पर किया ऐलान, मिर्जापुर DM रहीं | ex ias divya mittal next step after resign reason new


उत्तर प्रदेश कैडर में साल 2013 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की चर्चित अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने अपने इस्तीफे पर चुप्पी तोड़ दी है. पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने अपने त्यागपत्र के बाद से उनके अगले कदम को लेकर उठ रहे कयासों पर 29 सितंबर 2026 की सुबह साढ़े आठ बजे विराम लगा दिया. द‍िव्‍या मित्‍तल ने अपनी इंस्‍टाग्राम पोस्‍ट में बताया क‍ि ”कुछ दिन पहले IAS से त्यागपत्र दिया था और आपके मन में कई सवाल छोड़ दिए थे. अपनी बात इस वीडियो में कह दी है. अगर आपको लगे कि ये आपकी भी बात है, तो इस पोस्ट पर कमेंट करिए, या 9198956957 पर whatsapp मैसेज करिए. 

Divya Mittal

द‍िव्‍या म‍ित्‍तल की उत्‍तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव 2027 में एंट्री

लोगों की आवाज बनना चाहती हूं- द‍िव्‍या

द‍िव्‍या म‍ित्‍तल ने कहा क‍ि लोगों ने मुझसे से कहा क‍ि वे सबकुछ तो बन गई अब और क्‍या बनना चाहती हैं? इस पर उनका जवाब है क‍ि वे राजनीत‍ि में आकर लोगों की आवाज बनना चाहती हैं. उन लोगों की आवाज ज‍िनकी आवाज क‍िसी ऑफिस तक नहीं पहुंच पाती और अगर पहुंच भी जाए तो सुनी नहीं जाती. उन लोगों की तरफ से मुझे अपने देश की आजादी के 80 सालों का जवाब चाह‍िए.  

दिव्या मित्तल ने कहा क‍ि ‘अभी कुछ दिन पहले मैंने आईएस से त्यागपत्र दिया और आपके मन में कई सवाल छोड़ दिए. कुछ दिनों तक जवाब नहीं दिया क्योंकि काम बड़ा था और मैं हौसला जुटा रही थी. पर आज उन सवालों के जवाब देने आई हूं. आगे क्या? किसके साथ और कहां से? 

पहला सवाल आगे क्या? राजनीति…

द‍िव्‍या मित्‍तल ने कहा क‍ि ”लोगों ने मुझे कहा कि तुम सब कुछ तो बन गई. अब और क्या बनना है? मुझे आवाज बनना है. उन लोगों की आवाज जिनकी आवाज किसी दफ्तर तक नहीं पहुंच पाती और अगर पहुंच भी जाए तो सुनी नहीं जाती. और उन लोगों की तरफ से मुझे अपनी देश की आजादी के 80 सालों का हिसाब चाहिए. एक बार मैं लहरिया देह (म‍िर्जापुर का एक गांव) की पहाड़ी पे पानी पहुंचाने के लिए निरीक्षण कर रही थी. तभी एक औरत मेरी तरफ आने लगी. मुझे लगा उसे कुछ चाहिए होगा शायद पेंशन या पक्का मकान. आकर मुझसे बोली कि मैडम आपसे कुछ मांगना है और उसने जो  मांगा उससे मेरा सर शर्म से झुक गया. उसने कहा मैडम हमारे गांव में स्कूल केवल पांचवी कक्षा तक है और उसके बाद जंगल और पहाड़ के बीच में बच्चों की पढ़ाई का अंत हो जाता है. मुझे आगे की कक्षा तक अपने गांव में स्कूल चाहिए. उस वक्त तक उस  महिला के घर में पानी नहीं था और उसने स्कूल मांगा. मैंने नियम देखे स्कूल स्वीकृत किया. और आज 3 साल हो जाने के बाद  वो स्कूल बनना शुरू नहीं हुआ. अब मुझे बताइए कि क्या नहीं था? पैसा नहीं था, नियम नहीं था, स्वीकृति नहीं थी? था तो बस  इरादा नहीं था. अगर इरादा होता तो पहाड़ भी रास्ता दे देता और इरादा नहीं था तो एक फाइल ही पहाड़ बन गई. मुझे उन गायब  स्कूलों का हिसाब चाहिए.”

द‍िव्‍या मित्‍तल ने कहा क‍ि ”मैं विशेष सचिव राजस्व थी और एक आदमी एक पन्नी में अपने कागज और उम्मीद को लपेटे हुए मेरे पास आया. उसने मुझे कहा कि मैडम मैं भूमिहीन था और कुछ साल पहले एक एसडीएम ने एक सरकारी जमीन का छोटा सा टुकड़ा मुझे पट्टे पर दे दिया. कागज तो मिल गए पर जमीन पर कब्जा नहीं मिला. मैंने उसके कागज देखे. रिपोर्ट सरासर झूठ थी. तो मैंने संबंधित जिले के अधिकारी से बात करी. उसने माना कि रिपोर्ट गलत है. रिपोर्ट वापस हुई. बनाने वाले पर कारवाई भी हुई. अब मामला आया कब्जा दिलाने का. मैंने दो बार फोन किया. तीन बार कहलवाया तो वहां से जवाब आया कि ऊपर से मना किया गया है. यह ऊपर कौन है? संविधान तो कहता है कि सबसे ऊपर लोग हैं तो उसे न्याय के लिए इधर-उधर क्यों भटकना पड़ रहा है? जो ऊपर से दिया जाए वो कृपा और न्याय तो हक है. तो मुझे उन पन्नियों में लपटे अन्याय का हिसाब चाहिए.”   

Latest and Breaking News on NDTV

मुझे उन मौतों का हिसाब चाहिए-द‍िव्‍या म‍ित्‍तल

द‍िव्‍या मित्‍तल ने कहा क‍ि ”हजारों गांव हैं जहां आज भी सड़क नहीं है. नदी है तो पुल नहीं है. बरसात में गांव टापू बन जाता है और इंतजार चल रहा है पीढ़ियों से. और सड़क है तो उस पे इतने गड्ढे हैं कि उस पर चलकर स्कूल जाने वाले नन्हे पांव पे जो कीचड़ लगते हैं उसके दाग उनके सफेद कपड़ों तक नहीं पहुंच पाते. और उसी गड्ढे में कोई मोटरसाइकिल वाला गिरता है तो उसके खून के छींटे भी उनके कपड़ों तक नहीं पहुंच पाते. उनको जानकारी नहीं है ऐसा नहीं है. उनको पता है कि गड्ढा कहां है, फाइल का नंबर क्या है? और मौतों का आंकड़ा क्या है.  नहीं है तो फिक्र और जब फिक्र नहीं होती तो मौत हादसा नहीं फैसला होती है. मुझे उन मौतों का हिसाब चाहिए. 

उत्‍तर प्रदेश में युवाओं का भव‍िष्‍य सुरक्ष‍ित नहीं-द‍िव्‍या म‍ित्‍तल

द‍िव्‍या मित्‍तल ने कहा क‍ि ” मैं एक साधारण परिवार की लड़की थी. इस देश ने मुझसे वादा किया था कि पढ़ोगी तो बढ़ोगी. मैंने पढ़ा और आज मैं आपके आगे खड़ी हूं. पर आज के बच्चों का वादा क्या? जो रात-रात भर पढ़ रहे हैं और पेपर लीक हो जाता है. 5 साल तक तैयारी करो और फैसला किसी अदालत में और आने वाले कल की बात तो उससे भी बड़ी है. जो किसान अपनी जमीन गिरवी रखकर अपने बेटे को इंजीनियर बना रहा है या जो मां अपने जेवर बेच के बेटी को कोडिंग करा रही है. क्या उनको पता है कि उनका भविष्य सुरक्षित है कि नहीं? आज एआई आ रहा है. बहुत सारे यह काम एआई करेगा. हर नौजवान को इस बात का डर है. मैं दो बेटियों की मां हूं. छोटी है पर मुझे अभी भी इसकी चिंता है. उनके पास जवाब नहीं है. कोई बात नहीं किसी के पास नहीं है. पर सवाल तो हो सकता था. सोच तो हो सकती थी. कोई सदन नहीं है जहां पे इसके बारे में बात हो रही हो. हमारे बच्चे जिस भविष्य की ओर चल रहे हैं उसकी किसी को चिंता ही नहीं है.”

उत्‍तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव 2027 में दिव्‍या म‍ित्‍तल कौन सी पार्टी से लड़ेगीं चुनाव?

द‍िव्‍या मित्‍तल ने कहा क‍ि ” आज हमारी राजनीति में सब कुछ है. सत्ता है, शिलान्यास है, शोर है पर सोच नहीं है. मुझे उस ना सोचने का हिसाब चाहिए. उद्देश्य केवल एक राजनेता बदलने का नहीं है. राजनीति बदलनी होगी. इरादे की राजनीति, न्याय की राजनीति, फिक्र की राजनीति और सोच की राजनीति. वो राजनीति नहीं जो लोगों को सिर्फ गिनती है. सीढ़ी बनाकर सत्ता तक पहुंचना चाहती है. वो राजनीति जो लोगों को सुनती है और वहीं पर रुक जाती है क्योंकि लोग ही तो मंजिल है. और यहीं पर दूसरे सवाल का जवाब आता है. जब मंजिल आप हैं तो मंजिल तक पहुंचने वाला रास्ता भी केवल आप ही से होकर गुजरेगा. किसी झंडे के नीचे नहीं. जिन झंडों के नीचे 80 सालों में हिसाब नहीं बदला उन झंडों के नीचे खड़े होकर हिसाब नहीं मांगा जा सकता. जो हिस्सा बन जाए वो हिसाब नहीं मांग सकता. इसलिए मैं राजनीति करूंगी किसी दल के साथ नहीं केवल आपके साथ, केवल लोगों के साथ. पर होगा कैसे? राजनीति तो शरीफ लोगों के लिए है ही नहीं. और इसका जवाब मुझे अपने इस्तीफे के चंद घंटों में मिल गया. जहां बहुत सारे आम लोगों ने मेरा समर्थन किया.”  

द‍िव्‍या म‍ित्‍तल उत्‍तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव 2027

द‍िव्‍या मित्‍तल ने कहा क‍ि ”एक बड़ी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने लिखा कि मैं रात के अंधेरे में एक दूसरे बड़ी पार्टी के बड़े नेता से मिली थी. वह मुलाकात कभी  नहीं हुई थी. यह बात लिखने वाले को भी पता थी. परंतु उद्देश्य सच लिखना नहीं था. उद्देश्य था कि एक औरत जो सवाल पूछने निकली है उसको पहले ही दिन डरा दो. यही तो यह लोग करते हैं. किसी को एफआईआर करके डरा दो. किसी को ट्रोल करके बैठा दो ताकि आम आदमी अच्छे लोग राजनीति में ना आए और इनका ऐसे ही राजनीति चलती रहे. और हमें इसी को बदलना है. इसलिए मैं डरूंगी नहीं. मैं सवाल ही पूछूंगी ताकि इस देश की हर छोटी बच्ची अपने मन की बात कह सके और उसे रात के अंधेरे का डर ना दिखाया जा सके. जिन लोगों ने उस दिन मेरा समर्थन किया था उन्हीं लोगों के साथ एक ऐसा मंच बनाएंगे जो इनसे डरेगा नहीं. डरेगा तो केवल इस देश के भविष्य के लिए. पर सवाल यह भी है कि डर नहीं है. ठीक है. पर पैसा भी तो नहीं है. बाहुबल भी तो नहीं है. जाति धर्म का समीकरण भी तो नहीं है. तीनों बातें सही हैं. पर अब यह बताइए जो पैसा चुनाव में बहाया जाता है वो कहां से आता है? वो हमारी सड़क से आता है. हमारे पुल से आता है. हमारे स्कूल से आता है. मुझे वो पैसा नहीं बहाना. मुझे वो सड़क ही चाहिए. यह बाहुबल जो जनता के ऊपर दिखाया जाता है. मुझे वो बाहुबल नहीं चाहिए. कि मुझे लोगों से बनी हुई वो शक्ति चाहिए जो लोगों के लिए हो और लोगों की ही हो. जाति धर्म का समीकरण इसलिए नहीं है क्योंकि मैंने कभी बैठाया नहीं. जब मैं अधिकारी थी तो न्याय करने से पहले मैंने कभी किसी का नाम नहीं पूछा. राजनीति में भी नहीं पूछूंगी. 80 सालों तक इन्होंने समीकरण ही तो बैठाए और साथ में देश भी बैठा रह गया. इस तरह की राजनीति कैसे शुरू होगी, कैसे खड़ी होगी और कैसे चलेगी? यह हम लोग साथ मिलकर तय करेंगे.” 

दिव्‍या म‍ित्‍तल मिर्जापुर से चुनाव मैदान में उतरेंगी?

द‍िव्‍या मित्‍तल ने कहा क‍ि ” अब तीसरा सवाल कहां से? मैं यहां अफसर बन के आई थी. पर यहां के लोगों ने मुझे अपनी बेटी बना लिया. सर पर हाथ रखा, घर का खाना खिलाया. जब थकी तो संभाला. गुरु वो होता है जो हमें हमसे मिलवा दे. यहां की मिट्टी ने मुझे सिखाया कि मैं कौन हूं और किसके लिए हूं. उत्तर प्रदेश की मिट्टी ही मेरी कर्मभूमि है और इसीलिए  शुरुआत यहीं से उत्तर प्रदेश से. मैं जानती हूं कि हमें क्या बताया गया है कि इस देश में कुछ नहीं बदलता और खासतौर पर उत्तर प्रदेश में तो बिल्कुल नहीं. लेकिन मैं उस देश को नहीं जानती. मैं उस देश को जानती हूं जिसे कहा गया था कि आजादी के बाद टुकड़ों में बट जाएगा और मेरा देश आज भी खड़ा है. जिसे कहा गया था कि वह भूखा मरेगा और हमने उगा के दिखाया. जिसे कहा गया था कि इतने गरीब देश में लोकतंत्र कैसे चलेगा और एक अरब लोगों के देश में लोकतंत्र आज भी चल रहा है. मैं उस देश को जानती हूं और उत्तर प्रदेश ने तो हमेशा राह दिखाई है. आजादी की चिंगारी सबसे पहली बार उत्तर प्रदेश से ही शुरू हुई और आज भी जनपद दर जनपद मैंने देखा कि लोग सही के साथ जुड़ते हैं और जो काम अफसर भी नहीं कर पाते वह लोग करके दिखाते हैं.

देवरिया में ऑपरेशन कब्जा मुक्ति के दौरान लोगों ने खुद सरकारी जमीनों से अपने कब्जे छोड़े. लोगों ने खुद और आज मैं उन्हीं लोगों से कहती हूं कि हम 80 सालों से किसी नेता किसी मसीहा का इंतजार कर रहे हैं और कोई नहीं आया क्योंकि जिसका हमें इंतजार था वो हम खुद हैं. इसलिए मैं आपको कह रही हूं कि मुझ पर भरोसा मत करिए अपने आप पर करिए. मैं आपको बुला रही हूं. शिक्षक को, डॉक्टर को, किसान को, मजदूर को, वकील को, छात्र को, उस मां को जिसको अपने बच्चे के सुनहरे कल की चिंता है. नई राजनीति कोई एक आदमी नहीं बना सकता. उसमें तो सबका साथ लगेगा. उनका भी जो बात को आगे बता सके. उनका भी जो अपने गांव कस्बे में इसको खड़ा कर सके और उनका भी जो लोगों के सामने खुद आत्मविश्वास से खड़े हो सके. तो आज सिर्फ इतना करें कि इस पोस्ट के नीचे कमेंट करें या मेरे WhatsApp नंबर 9198956957 दोबारा 9198956957 पर WhatsApp मैसेज करके मेरे साथ जुड़े. और एक दिन ऐसा आएगा जब कोई आदमी अपने कागज एक पन्नी में लपेटे किसी सरकारी दफ्तर जाएगा तो बिना किसी सिफारिश और बिना किसी फोन के उसकी सुनवाई होगी और घर आकर वो अपने बेटे से कहेगा कि बेटे आज मेरे साथ न्याय हुआ और बेटा कहेगा तो पापा इसमें नया क्या है तो उसे याद होगा कि उसके पन्नी का हिसाब किस दिन मांगा गया था. चलिए हिसाब मांगते हैं.”

दिव्या मित्तल कौन हैं?

23 नवंबर 1983 को जन्मीं दिव्या मित्तल दिल्ली की रहने वाली हैं. ये दो बार यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा पास कर चुकी हैं. यूपीएससी 2011 में ऑल इंडिया लेवल पर 134वीं रैंक हासिल करके आईपीएस बनीं और यूपीएससी 2012 में 68वीं रैंक पाई. इनको बतौर आईएएस उत्तर प्रदेश कैडर मिला. दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह 2011 बैच के इंडियन ट्रेड सर्विस के अधिकारी रहे हैं. साल 2022 में गगनदीप सिंह ढिल्लों ने भी इस्तीफा दे दिया था. सिविल सेवा जॉइन करने से पहले दोनों ने आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ाई की.

दिव्या मित्तल व गगनदीप सिंह की दो बेटियां

मीडिया की खबरों के अनुसार, कुछ साल पहले गगनदीप सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया था कि उन्होंने साल 2005 में दिव्या मित्तल को प्रपोज किया था. उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद दोनों ने लंदन में साथ में जॉब की और भारत लौटकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की. इनकी दो बेटियां हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

दिव्या मित्तल का सर्विस रिकॉर्ड

आईएएस बनने के बाद दिव्या मित्तल ने 2 सितंबर 2013 को उत्तर प्रदेश कैडर में भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी के रूप में सिविल सेवा जॉइन की थी. ट्रेनिंग के बाद 27 नवंबर 2015 को मेरठ में जॉइंट मजिस्ट्रेट के पद पर पहली पोस्टिंग मिली. 

दिव्या मित्तल मेरठ के बाद साल 2017 से 2018 तक गोंडा में मुख्य विकास अधिकारी, 2018 से 2019 तक जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर UPSIDC कानपुर नगर रहीं. 2019 से 2020 तक बरेली विकास प्राधिकरण में रहीं. 2020 में पहली बार संत कबीरनगर की डीएम बनीं.

संत कबीरनगर के बाद दिव्या मित्तल साल 2022 में मिर्जापुर और साल 2024 में देवरिया की डीएम रहीं. यहां से 5 मई 2026 को उनका तबादला विशेष सचिव, राजस्व विभाग, लखनऊ पद पर कर दिया गया था. यह उनकी आखिरी पोस्टिंग थी. 

Latest and Breaking News on NDTV

दिव्या मित्तल ने आईएएस की नौकरी कब छोड़ी?

दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद से इस्तीफा दिया है. 30 अगस्त 2026 को दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने इस्तीफे की जानकारी शेयर की. दिव्या मित्तल ने लिखा कि, “आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए आईएएस से त्यागपत्र दे दिया है.” उन्होंने अपनी इस पोस्ट में कई बातों का जिक्र किया. अपने मिर्जापुर डीएम कार्यकाल को भी याद किया.  

ex ias divya mittal next step after resign reason new

ex ias divya mittal next step after resign reason new

आईएएस से इस्तीफे के बाद दिव्या मित्तल ने क्या किया?

30 अगस्त 2026 को इस्तीफा देने के बाद से दिव्या मित्तल ने इसकी वजह नहीं बताई. ऐसे में उनके उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 लड़ने के भी कयास लगाए गए. इस्तीफे के बाद 12 सितंबर को दिव्या मित्तल ने एक वीडियो शेयर करके अपनी मां वैष्णो देवी की यात्रा की जानकारी शेयर की. 

वीडियो के कैप्शन में लिखा था-

मां, बिन मांगे तूने सब दिया,
 मैं तेरे चरणों में चढ़ाऊं क्या?
 बस अपना आभार चढ़ाती हूं,
 भर आई आंखों की अश्रुधार चढ़ाती हूं. 
पर आगे राह कठिन है.  

Latest and Breaking News on NDTV

मेरा IAS से त्यागपत्र स्वीकार हो गया : दिव्या मित्तल

मां वैष्णो देवी की यात्रा के दो दिन बाद, 14 सितंबर 2026 को दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि उनका इस्तीफा मंजूर हो गया. इसके बाद 27 सितंबर 2026 को दिव्या मित्तल ने एक और पोस्ट की और लिखा कि

आगे क्या करना है? मैंने पढ़ा: 
“बच्चे छोटे हैं. अब घर”
“अच्छा पैकेज मिलेगा. वापस विदेश”
“IAS पर किताब लिखी है. कोचिंग”
“टिकट पक्का हो गया होगा. राजनीति”
29 सितंबर, सुबह 8:30 बजे. बताऊंगी. 

द‍िव्‍या म‍ित्‍तल से संबंध‍ित अन्‍य खबरें 

1. पूर्व IAS दिव्या मित्तल के बैचमेट का इस्तीफा भी मंजूर, जगमोहन मीणा कौन, जिन्होंने छोड़ी IPS की नौकरी

2. ट‍िकट पक्‍का हो गया होगा… IAS से इस्‍तीफा देने के बाद क्‍या करेंगी दिव्‍या म‍ित्‍तल? 29 को खुद करेंगी खुलासा

3.  IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर स‍ियासत: राहुल गांधी से मुलाकात, UP चुनाव 2027 से कनेक्शन की सच्‍चाई क्‍या? 






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button