
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को मंडी जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा चौक में आयोजित जनसभा को संबोधित किया. सीएम सुक्खू ने पूर्व बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने हिमाचल प्रदेश को कर्ज के दलदल में ढकेला. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी शासन के दौरान प्रदेश को मिले हजारों करोड़ रुपये के संसाधनों का सही उपयोग नहीं किया गया.
मुख्यमंत्री ने जनसभा में ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ की पात्रता शर्तों में बड़ा बदलाव करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए मनरेगा में एक दिन काम करने की अनिवार्य शर्त समाप्त की जाएगी और परिवार की वार्षिक आय सीमा 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की जाएगी. उन्होंने कहा कि 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी.
कांगड़ा: अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों का प्रदर्शन
कांग्रेस ने बहाल की पुरानी पेंशन- सीएम सुक्खू
सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की. उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने इसके बाद प्रदेश की करीब 1600 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता रोक दी, लेकिन राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं और राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना किया.
किशाऊ बांध परियोजना का सीएम सुक्खू ने किया जिक्र
किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल के हितों की मजबूती से पैरवी की है. उनके अनुसार यदि बीजेपी सरकार होती तो उत्तराखंड की तर्ज पर प्रदेश पर करीब 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता था. उन्होंने दावा किया कि सरकार ने प्रदेश के हितों की रक्षा कर हजारों करोड़ रुपये का खर्च बचाया है और भविष्य में परियोजना से सालाना 1200 से 1500 करोड़ रुपये तक आय होने की संभावना है.
पुलिस कांस्टेबलों के 800 पदों पर भर्ती का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही पुलिस कांस्टेबलों के 800 पदों पर भर्ती की जाएगी. उन्होंने बताया कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में 23 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है तथा अस्पतालों में स्टाफ की उपलब्धता बढ़ाने के लिए लगातार भर्ती की जा रही है.
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए सुक्खू ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में सराज क्षेत्र को छोड़कर पूरे मंडी जिले की विकास के मामले में उपेक्षा की गई. उन्होंने कहा कि बल्ह से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी चुनाव जीतते तो आज प्रदेश सरकार में मंत्री होते.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बल्ह क्षेत्र के लिए कई विकासात्मक घोषणाएं भी कीं. उन्होंने नेरचौक में जल शक्ति विभाग और विद्युत बोर्ड के डिवीजन तथा डीएसपी कार्यालय खोलने की घोषणा की. इसके अलावा सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के लिए 3 करोड़ रुपये, डंपिंग साइट के लिए 1 करोड़ रुपये, कंसा स्टेडियम की मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये तथा सड़कों के रखरखाव के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की. गुरकोटा में अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल खोलने का भी ऐलान किया गया.
‘आयोग बीजेपी के…’, EC पर भड़कीं हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल