
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज शनिवार (19 सितंबर) को मध्य प्रदेश के इंदौर का दौरा करेंगे. वो यहां भारत जोड़ो मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के 5वें संस्करण में शामिल होंगे. इस दौरान वो छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे.
ये कार्यक्रम इंदौर प्रशासन द्वारा तय की गई शर्तों के तहत ही आयोजित किया जाएगा. इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) ने 12 हजार वर्गमीटर की जमीन पर कार्यक्रम की अनुमति प्रदान कर दी थी. राहुल के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं.
क्या है कार्यक्रम?
राहुल गांधी दोपहर 1:45 बजे इंदौर पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से सीधे होटल जायेंगे. बताया जा रहा है कि वो इंदौर में 6-7 घंटे रूकेंगे और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे. शाम पांच बजे वो आयोजन स्थल के लिए रवाना होंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. अपने इस दौरे से पहले राहुल ने अपने इंस्टा पर पोस्ट भी डाला है. इसमें एक पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘क्या खिला रहा है इंदौर, पोहा-जलेबी या कुछ और.’
क्या रहेगा फोकस?
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, भर्ती और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों को उठाना है. ‘छात्रों की गूंज’ कैंपेन के जरिए नेता प्रतिपक्ष छात्रों से जुड़कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनना है. इसके साथ ही पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाना है.
इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी ये कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है. हालांकि, पुणे में 22 अगस्त को जो कार्यक्रम आयोजित किया गया था वो केवल महिला छात्रों के लिए आयोजित किया गया था.
पार्टी का दावा 1.5 लाख छात्रों ने कराया पंजीकरण
बता दें कि राहुल गांधी का जिस मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है उसका नाम कांग्रेस ने ‘भारत जोड़ो मैदान’ रखा है. पार्टी का दावा है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए करीब 1.5 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर करीब 15,000-20,000 छात्रों के ही आने की उम्मीद है.
हालांकि, कार्यक्रम के शुरूआत के बात वास्तविक संख्या सामने आ जाएगी. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया था कि पार्टी युवाओं के लिए आस-पास के इलाकों में बड़ी स्क्रीन भी लगाएगी ताकि वो छात्र भी कार्यक्रम से जुड़ सकें जो कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पायेंगे.
बता दें कि कांग्रेस ने 17 से 19 सितंबर के लिए IDA से रीजनल पार्क के सामने 12,000 वर्ग मीटर जमीन 10.08 लाख रुपये के शुल्क पर लीज पर ली है. हालांकि, IDA ने कांग्रेस से करीब 4 लाख रुपये का अतिरिक्त शुल्क भी लगाया था क्योंकि तय तारीखों से पहले ही लीज की शर्तों का उल्लंघन करते हुए जमीन का इस्तेमाल शुरू कर दिया गया था.