

सऊदी क्राउन प्रिंस और US सेंट्रल कमांड के प्रमुख ने इलाके में हालिया घटनाक्रम पर चर्चा की. रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने US सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर से मुलाकात की और इलाके में हालिया घटनाक्रम पर चर्चा की. यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब यमन के ईरान-समर्थित हूथी विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब पर हमले बढ़ गए हैं.
सऊदी प्रेस एजेंसी के अनुसार, सऊदी क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान ने सोमवार को जेद्दा में अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर से मुलाकात की. इस बैठक में सऊदी अरब और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्र में हाल की घटनाओं पर भी चर्चा हुई. सऊदी अरब के राज्य मंत्री, कैबिनेट सदस्य और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मुसाद बिन मोहम्मद अल-ऐबान भी इस बैठक में शामिल हुए.
ट्रंप क्या बोल रहे
इस बीच काफी दिनों बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वे ईरान के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं. इससे पहले कई हफ्तों तक वे कहते रहे थे कि मध्य पूर्व में युद्ध खत्म करने के लिए तेहरान के साथ कोई समझौता करना अभी जल्दबाजी होगी. ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “नाकाम हो रहा ईरान जल्द से जल्द समझौता करना चाहता है. मैं तय करूंगा कि अमेरिका बातचीत करेगा या नहीं — हालांकि हम बातचीत के लिए तैयार हैं.” उनकी यह टिप्पणी खाड़ी के अरब देशों द्वारा ईरान के साथ होने वाली एक तय बैठक को टालने के बाद आई है.
ओमान में खाड़ी देशों की बैठक टली
ओमान में सोमवार को ईरान और खाड़ी देशों के बीच एक बैठक होनी थी. इस बैठक का मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज) को फिर से खोलने पर बातचीत करना था. यह दुनिया का सबसे अहम तेल शिपिंग रूट है, जो फरवरी के आखिर में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से ज्यादातर बंद पड़ा है. लेकिन ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र अल-बुसैदी ने देर रात घोषणा की कि बैठक टाल दी गई है.
यह भी पढ़ें
BRICS 2026 के बाद, भारत के लिए असली चुनौती पश्चिम के साथ संतुलन बनाना





