खबर

‘मॉब लिंचिंग के डर से मैं भागा था’, गुरुग्राम हॉरर के आरोपी कल्याण बैसला ने चला विक्टिम कार्ड, क्या बताया | Gurugram Hit-and-Run Case Accused Kalyan Bainsla Admits Mistake, Denies Deliberately Hitting Woman Biker



गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने के मामले में आरोपी कल्याण बैंसला सामने आया है. उसने हादसे की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कहा कि टक्कर उसकी गलती से हुई, लेकिन उसने जानबूझकर ऐसा नहीं किया. साथ ही उसने विक्टिम कार्ड भी खेला है. बैंसला ने दावा किया कि वह मौके से इसलिए भागा क्योंकि उसे डर था कि बाइकर्स का समूह उस पर और उसके परिवार पर हमला कर सकता है.

‘बस बाइक धीरे चलाने को कहा था’

खुद को इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी और जिम मालिक बताने वाले कल्याण बैंसला ने कहा कि घटना के समय वह अपनी बहन और दो रिश्तेदारों के साथ कार में था. उसके मुताबिक, कई बाइक सवार तेज रफ्तार में उसके पास से गुजर रहे थे और उसने केवल उन्हें धीरे चलाने के लिए कहा था.

बैंसला का कहना है कि यू-टर्न के पास कार से उसका नियंत्रण हट गया, जिसके कारण महिला बाइकर की बाइक से टक्कर हो गई. उसने स्वीकार किया कि हादसा हुआ, लेकिन इसे जानबूझकर किया गया काम मानने से इनकार किया.

‘डर था की बाइकर्स पीट सकते थे’

आरोपी ने यह भी दावा किया कि टक्कर के बाद बाइक सवार गुस्से में थे और गाली-गलौज कर रहे थे. उसे डर था कि अगर वह रुकता तो बाइकर्स का ग्रुप उसे और उसके परिवार को पीट सकता था. इसी वजह से वह मौके से चला गया.

क्या है महिला बाइकर का आरोप?

वहीं महिला बाइकर सिया का आरोप है कि कार सवार लोग पहले से उसका पीछा कर रहे थे और बदतमीजी कर रहे थे. उसने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट में दावा किया कि जब उसने दूरी बनाए रखने को कहा तो कार सवारों ने उसे बाइक रोकने के लिए कहा. बाद में ओवरटेक करते समय कार ने उसकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का वीडियो बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में कार को बाइक से टकराते और बाइकर को सड़क पर घसीटते हुए देखा जा सकता है.

सिया के पिता ने भी आरोपी के दावे को खारिज करते हुए कहा कि यह कोई साधारण दुर्घटना नहीं लगती, बल्कि जानबूझकर की गई हरकत लगती है. उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.

गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें: ‘उकसा रही थी, 170 की स्पीड में थी…’ गुरुग्राम हॉरर केस में कल्याण बैंसला के वकील ने उलटे लड़की पर लगाए आरोप





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button