
सागर जिले के बंडा में हुए जहरीली शराब कांड के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. रविवार (13 सितंबर) तड़के हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी शिवांजय राजपूत के पैर में गोली लगी. आरोपी पर पुलिस ने 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. पुलिस ने उसके कब्जे से देशी कट्टा, जिंदा और खाली कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक भी बरामद की है.
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की तड़के थाना बहरोल पुलिस को सूचना मिली थी कि बंडा शराब प्रकरण में फरार आरोपी शिवांजय राजपूत कठुआ नाला के पास जंगल में छिपा हुआ है. बताया गया था कि वह धामोनी-बहरोल मुख्य मार्ग से निकलकर अपने गांव छापरी की तरफ जा सकता है.
‘लाशों पर राजनीति…’, बालाघाट में अभिजीत दीपके से भिड़े इंफ्लुएंसर्स
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी. पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देश पर थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह और थाना बहरोल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद जंगल और आसपास के इलाकों में सर्चिंग शुरू की गई.
पुलिस को देखते ही आरोपी ने की फायरिंग
पुलिस का कहना है कि सर्चिंग के दौरान टीम का सामना शिवांजय राजपूत से हुआ. पुलिस को देखते ही आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. आरोपी ने पुलिस को निशाना बनाकर तीन फायर किए.
इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और दो राउंड फायर किए. पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया. घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है.
आरोपी के पास से हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस अब बरामद हथियार और अन्य सामान के संबंध में भी आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय शिवांजय राजपूत पिता धर्मेन्द्र राजपूत, निवासी ग्राम छापरी, थाना बंडा के रूप में हुई है. पुलिस का दावा है कि वह घटना के बाद से फरार था और पहले से शराब तस्करी से जुड़ा रहा है. उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज होने की बात भी सामने आई है.
बंडा जहरीली शराब कांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इससे पहले रवि लखेरा को भी पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था. अब शिवांजय राजपूत की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है.
आरोपियों पर प्रशासन का भी शिकंजा
जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन ने भी अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस और प्रशासन की ओर से मुख्य आरोपियों के अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की गई है. इसके अलावा तीन शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं.
सागर जहरीली शराब कांड के पीड़ित परिवारों से मिले दिग्विजय सिंह, लगाया गंभीर आरोप
अवैध शराब के कारोबार से जुड़े रिसॉर्ट, ढाबों और दूसरी जगहों पर भी कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. मामले में पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
