खबर

कटिहार में बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे मंत्री और विधायक, लोगों ने लगाए मुर्दाबाद के नारे | Katihar Minister and MLA visit flood victims people raise slogans against them



बिहार के कटिहार जिले में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे राज्य के खान एवं भूतत्व मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी और स्थानीय विधायक विजय सिंह को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. बरारी प्रखंड के मोहनाचांदपुर पंचायत स्थित कुंडी घाट में बाढ़ पीड़ितों ने राहत सामग्री नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की.

प्लास्टिक और खाद्य सामग्री नहीं मिलने से नाराज दिखे लोग

जानकारी के अनुसार बरारी, अमदाबाद, कुरसेला और मनिहारी प्रखंड के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं. बाढ़ प्रभावित परिवार लगातार राहत की मांग कर रहे हैं. इसी कड़ी में मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी राहत शिविरों और बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे थे. दौरे के दौरान लोगों ने शिकायत की कि उन्हें प्लास्टिक शीट, भोजन और अन्य जरूरी राहत सामग्री समय पर नहीं मिल रही है. लोगों का आरोप था कि सरकारी स्तर पर जिन सुविधाओं की घोषणा की गई है, वे जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रही हैं. शिकायतों के बीच माहौल अचानक गरमा गया और कई लोगों ने मंत्री तथा विधायक के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए.

विरोध बढ़ा तो लौटना पड़ा वापस

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंत्री और अधिकारियों का काफिला जब दूसरे राहत शिविरों की ओर बढ़ने लगा तो विरोध और तेज हो गया. स्थिति को देखते हुए मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों को वहां से वापस लौटना पड़ा.

स्थानीय प्रतिनिधियों ने उठाए सवाल

स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि मोहनाचांदपुर पंचायत के आठ वार्ड बाढ़ से प्रभावित हैं. उनका आरोप है कि प्रशासन केवल बांध के पास बने शिविरों पर ध्यान दे रहा है जबकि अंदरूनी इलाकों में रहने वाले लोग राहत का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने विशेष रूप से वार्ड संख्या 17 का जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्र पूरी तरह जलमग्न है और वहां तत्काल राहत शिविर की आवश्यकता है. स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि समस्याएं उठाने पर उन्हें दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है.

मंत्री ने आरोपों को किया खारिज

विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि यह आम जनता का विरोध नहीं था. उनके अनुसार कुछ असामाजिक तत्व सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं. मंत्री ने दावा किया कि अधिकांश बाढ़ पीड़ित राहत कार्यों से संतुष्ट हैं. उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है और बाढ़ राहत अभियान को और प्रभावी बनाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें- डेटिंग ऐप से 26 लोगों को बनाया शिकार…7 लाख की वसूली; AMU के BBA छात्र के ब्लैकमेलिंग रैकेट का खुलासा





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button