

उत्तर प्रदेश देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन चुका है. यहां गंगा, पूर्वांचल और यमुना जैसे सुपरफास्ट एक्सप्रेसवे हैं. इसके अलावा कई हाइवे भी बनाए जा रहे हैं और यूपी के शहरों के बीच का सफर आसान हो रहा है. इसी में शामिल है ‘अलीगढ़-चंदौसी-मुरादाबाद हाइवे’. इस कॉरिडोर को 4-लेन में अपग्रेड करने की तैयारी है. इसके लिए NHAI ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह नया कॉरिडोर संभल को सीधे गंगा एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ेगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद अलीगढ़ से मुरादाबाद का सफर लगभग 2 घंटे और आगरा से मुरादाबाद की दूरी करीब 3 घंटे में पूरी की जा सकेगी.
किन शहरों को जोड़ेगा हाईवे?
प्रस्तावित 4 लेन हाइवे अलीगढ़, डिबाई, बबराला, बहजोई, चंदौसी और बिलारी होते हुए मुरादाबाद तक जाएगा. यह एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर होगा. इसे 4-लेन बनाया जा रहा है, लेकिन भविष्य में इसे 6 लेन में बदला जा सकेगा.
70 गांवों से जुड़ेगा प्रोजेक्ट
संभल जिले में यह रास्ता पोटा और धूरा गांवों के पास प्रवेश करेगा और संभल तहसील के करीब 40 गांवों से होकर गुजरेगा. इसके बाद कैलादेवी क्षेत्र से गुन्नौर तहसील में पहुंचेगा, जहां 29 अन्य गांव इसके दायरे में आएंगे. परियोजना के तहत संभल और गुन्नौर क्षेत्र के कुल 69 गांव शामिल हैं.
2 घंटे में अलीगढ़ से पहुंचेंगे मुरादाबाद
फिलहाल अलीगढ़ से मुरादाबाद पहुंचने में 3.5 से 4.5 घंटे तक लग जाते हैं. चंदौसी, बबराला और अन्य कस्बों में ट्रैफिक जाम और रेलवे क्रॉसिंग बड़ी बाधा बनती हैं. नए हाइवे के बनने के बाद अलीगढ़ से मुरादाबाद का सफर करीब 2 घंटे में पूरा होगा. वहीं आगरा-अलीगढ़ के बीच एक्सप्रेसवे बन रहा है. इसके जरिए आगरा से मुरादाबाद का सफर लगभग 3 घंटे में पूरा होगा.
गंगा एक्सप्रेसवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसका गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ाव है. संभल और बदायूं क्षेत्र के पास यह हाईवे गंगा एक्सप्रेसवे से इंटरचेंज के जरिए जुड़ेगा. इसके बाद पश्चिमी यूपी के लोगों को मेरठ, हापुड़, लखनऊ और प्रयागराज तक तेज कनेक्टिविटी मिलेगी. भविष्य में यह कॉरिडोर यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से भी अप्रत्यक्ष रूप से कनेक्टिविटी मजबूत करेगा.
यह भी पढ़ें: दिल्ली से कोलकाता, मुंबई और चेन्नई तक सफर होगा सुपरफास्ट, कैबिनेट ने 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को दी मंजूरी





