
उज्जैन की खड़े हनुमान प्रतिमा इन दिनों काफी चर्चा में है. यहां सड़क चौड़ीकरण के तहत मंदिर भवन को तो हटाया जा चुका है लेकिन दावा किया जा रहा है कि हनुमान प्रतिमा एक इंच नहीं हिली है. फिलहाल प्रतिमा को बारिश और अन्य संभावित नुकसान से बचाने के लिए कैनोपी लगा दी गई है. अब इस मामले पर जब मंदिर के पुजारी से बात की गई तो उन्होंने भी अपने हाथ खड़े कर दिए हैं.
उन्होंने कहा कि अब केवल हनुमान जी की इच्छा से ही मूर्ति को हटाया जा सकता है. ABP न्यूज से बातचीत में मंदिर के पुजारी महेश बैरागी ने कहा कि पहले मेरे बस में था, लेकिन अब मेरे बस में नहीं है. अब केवल हनुमान जी की इच्छा से ही मूर्ति को हटाया जा सकता है.
मंदिर के पुजारी ने और क्या कहा?
पुजारी महेश बैरागी ने कहा, “अब मेरे बस में भी नहीं है. पहले हटाने को तैयार था और स्थान परिवर्तन की बात हो गई थी, लेकिन अब श्रद्धालुओं की भीड़ और उनकी भावनाओं को देखते हुए ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अब केवल बजरंगबली की इच्छा से ही फैसला होगा.”
उन्होंने खड़े हनुमान मंदिर की लोकप्रियता के कई कारण भी बताए. उन्होंने कहा कि खड़े हनुमान को डॉक्टर हनुमान भी कहा जाता है, यहां पर छोटे बच्चों की बीमारी भी पूजा और प्रसाद से दूर हो जाती है. मशीनों से मूर्ति नहीं हटाने की बात सुनने के बाद मंदिर पर भक्तों की भीड़ उमड़ रही है.
‘बिना जानकारी दिए प्रतिमा को हटाने आये लोग’
पुजारी ने आगे बताया कि बहुत जरूरी होने पर ही मंदिर को शिफ्ट किया जाए और ऐसा करने से पहले उनकी कुछ शर्तें थीं, जिनमें से केवल एक ही मांग को माना गया है. वो शर्त थी कि जहां मंदिर शिफ्ट होगा उसके पेपर दिया जाए लेकिन अभी तक पेपर पूरा नहीं दिया. मेरी शर्त ये थी कि आने से पहले उन्हें लिखित में जानकारी दी जाए लेकिन अचानक आकर प्रतिमा को हटाने का काम शुरू कर दिया और स्थिति बिगड़ गई.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियों सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है. इसके तहत कंठाल चौराहा से छत्री चौक के बीच सड़क चौड़ीकरण जारी है. चौड़ीकरण के तहतल ही सती गेट के पास स्थित करीब 170 साल पुराने ऐतिहासिक ‘खड़े हनुमान मंदिर’ को शिफ्ट (विस्थापित) करने का कार्य पिछले 4 दिनों से जारी है, लेकिन प्रशासन को सफलता नहीं मिल सकी. दावा किया जा रहा है कि नगर निगम और जिला प्रशासन ने भारी-भरकम क्रेन, जेसीबी और अन्य आधुनिक मशीनों की मदद से प्रतिमा को उठाने के प्रयास भी किये लेकिन खड़े हनुमान की प्रतिमा नहीं हिली.
राम मंदिर ट्रस्ट CEO: दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, ‘ऐसे व्यक्ति को…’
