

सिवनी पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 पर हुई 1 करोड़ रुपये से अधिक की लूट का खुलासा कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपये की लूटी गई पूरी संपत्ति भी जब्त की है.
आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर की थी वारदात
3 सितंबर की शाम थाना बंडोल क्षेत्र में ग्राम भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयर हाउस के सामने नेशनल हाईवे-44 पर एक आभूषण व्यवसायी को अज्ञात आरोपियों ने मोटरसाइकिल से ओवरटेक कर रोक लिया. आरोपियों ने पीड़ित की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसे नीचे गिराया और चाकू दिखाकर उसके पास रखी 26 किलो चांदी, 320 ग्राम सोने के जेवरात और नकदी समेत लगभग 1 करोड़ 8 लाख रुपये का सामान लूट लिया और फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही थाना बंडोल में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.
10 विशेष टीमों ने की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में तत्काल 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया. टीमों को आरोपियों की धरपकड़ और लूटी गई संपत्ति की जब्ती के लिए अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया गया.
200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
पुलिस टीमों ने सिवनी, नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा, लखनादौन सहित विभिन्न क्षेत्रों में 200 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया. तकनीकी साक्ष्यों एवं मैदानी सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई.
आरोपियों से बरामद सामान
पुलिस की त्वरित कार्रवाई कर वारदात में शामिल सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से लूटा गया 320 ग्राम सोना, 26 किलोग्राम चांदी, घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिलें और 7 मोबाइल फोन सहित लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है.
नेपाल जल प्रलय: बाढ़ में बहकर आए लॉकर से चुरा ली 92 लाख की नकदी, 29 लोग गिरफ्तार





