
मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार (7 सितंबर) की दोपहर करीब 2 बजे तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया. जेल रोड पर अचानक एक पुराना इमली का पेड़ भरभराकर चलती दो कारों पर जा गिरा. पेड़ के नीचे एक कार बुरी तरह दब गई. इस बीच दोनों कारों में कुल पांच लोग सवार थे, जिसमें से 78 वर्षीय राधा देवी सिंगी की मौके पर ही मौत हो गईं.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. एंबुलेंस पहुंचने में देरी होने पर पुलिस की एफआरवी से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. यह पूरी घटना एमजी रोड थाना क्षेत्र के केंद्रीय जेल के पास बनी दरगाह की है.
इंदौर में होगा यात्री परिवहन विजन समिट, CM मोहन यादव होंगे चीफ गेस्ट
दरअसल सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे शहर में तेज बारिश हो रही थी. इसी दौरान सड़क से गुजर रही दो कारों पर अचानक पुराना इमली का पेड़ गिर पड़ा. पेड़ के भारी वजन से दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उसमें सवार राधा देवी सिंगी निवासी विंध्याचल नगर, एरोड्रम रोड और साथ बैठी एक अन्य महिला पेड़ के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं.
सूचना मिलने पर डीआरपी लाइन में मौजूद एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए. इस बीच जानकारी मिली कि कार सवार महिला नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण में डिप्टी डायरेक्टर पूर्णिमा सिंगी की मां है.
अपर कलेक्टर रजनीश कसेरा भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद अपर कलेक्टर रजनीश कसेरा भी मौके पर पहुंचे. वहीं निगम की टीम के साथ मिलकर सभी घायलों को कार से निकालकर अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान राधा सिंगी की मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही एमजी रोड पुलिस मौके पर पहुंची. एंबुलेंस में देरी के चलते पुलिसकर्मियों ने एफआरवी की मदद से महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
सड़क किनारे पुराने पड़ों ने खड़े किए गंभीर सवाल
इधर, नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे विशाल पेड़ को हटाने का काम शुरू किया. राहत और बचाव कार्य के बाद यातायात को सामान्य कराया गया. तेज बारिश के बीच हुए इस हादसे ने सड़क किनारे खड़े पुराने और जर्जर पेड़ों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्वरा भास्कर के बयान पर धीरेंद्र शास्त्री बोले, ‘कुछ लोग भइया को सैयां…’