
मिस वर्ल्ड 2026 का खिताब डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल ने अपने नाम कर लिया है. उन्होंने दुनिया भर से आईं खूबसूरत कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़ते हुए मिस वर्ल्ड का ताज जीता. वहीं, स्पेन की एलिज़ाबेथ आर अलाबेर्न फर्स्ट रनर-अप और मलेशिया की तानूसिया चेट्टी सेकेंड रनर-अप रहीं. भारत की निकिता पोरवाल टॉप 20 में भी अपनी जगह नहीं बना पाईं.
टॉप 40 में पहुंचीं निकिता पोरवाल
इस साल मिस वर्ल्ड का ग्रैंड फिनाले वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित किया गया. मिस वर्ल्ड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं निकिता पोरवाल ने भी शानदार सफर तय किया. हालांकि, वह टॉप 20 में अपनी जगह नहीं बना सकीं. निकिता टॉप 40 तक पहुंचीं और इसके साथ ही मिस वर्ल्ड में भारत के लगातार आठ एडिशन में प्लेस करने का सिलसिला भी बरकरार रहा.
मिस इंडिया ने की जमकर तारीफ
मिस इंडिया के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल ने निकिता पोरवाल की जर्नी को सेलिब्रेट करते हुए लिखा, ‘निकिता पोरवाल ने 73वें मिस वर्ल्ड में टॉप 40 तक का सफर तय किया है. इसके साथ ही मिस वर्ल्ड के लगातार आठ एडिशन में भारत के प्लेस करने का शानदार सिलसिला भी जारी है. निकिता, हमें आप पर गर्व है. आपने दुनिया के सबसे बड़े मंचों में से एक पर पूरे आत्मविश्वास, शालीनता और दिल से भारत का प्रतिनिधित्व किया. आपने हमें जो हर खूबसूरत पल दिया और जिस तरह देश को गौरवान्वित किया, उसके लिए आपका शुक्रिया.’
फिनाले में निकिता पोरवाल का लुक रहा बेहद खास
मिस वर्ल्ड के फिनाले में निकिता पोरवाल बेहद खूबसूरत आउटफिट में नजर आईं. उन्होंने स्कल्प्टेड कॉर्सेट वाला गाउन पहना था, जिस पर फ्लोरल एंब्रॉयडरी और हाथ से की गई बारीक सजावट देखने को मिली. गाउन पर हजारों बीड्स और फूलों की डिटेलिंग की गई थी, जिसने उनके लुक को काफी एलिगेंट और ड्रीमी बना दिया.
उनके गाउन में शीयर एम्बेलिश्ड स्लीव्स के साथ मरमेड सिल्हूट दिया गया था. इसके साथ इटैलियन ट्यूल की कई लेयर्स थीं, जो चलते समय गाउन को खूबसूरत फ्लो दे रही थीं.
यह भी पढ़ें: निरहुआ ने रानी चटर्जी का कहा- ‘मंथरा’ तो एक्ट्रेस ने किया पलटवार
वियतनाम को खास अंदाज में दिया ट्रिब्यूट
फिनाले के दौरान निकिता ने वियतनाम की संस्कृति को भी सम्मान दिया. उन्होंने पारंपरिक वियतनामी आउटफिट ‘आओ दाई’ पहनकर होस्ट नेशन को खूबसूरत ट्रिब्यूट दिया. इस लुक के जरिए उन्होंने वियतनाम की खूबसूरती और सांस्कृतिक विरासत को सेलिब्रेट किया.
111 कंटेस्टेंट्स ने लिया था हिस्सा
मिस वर्ल्ड 2026 की शुरुआत 9 अगस्त से हुई थी. इस बार दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से कुल 111 कंटेस्टेंट्स ने कॉम्पिटिशन में हिस्सा लिया. सभी कंटेस्टेंट्स ने अलग-अलग चैलेंज और राउंड्स में हिस्सा लेते हुए फिनाले तक पहुंचने की कोशिश की. कई कॉम्पिटिशन थाईलैंड में आयोजित की गईं, जिसके बाद ग्रैंड फिनाले वियतनाम के न्हा ट्रांग में हुआ.

ये कंटेस्टेंट्स पहुंचीं टॉप 20 में
मिस वर्ल्ड 2026 के टॉप 20 में जिम्बाब्वे, जाम्बिया, सेनेगल, केन्या, साउथ अफ्रीका, पेरू, अमेरिका, अर्जेंटीना, डोमिनिकन रिपब्लिक, ब्राजील, मलेशिया, फिलीपींस, कुक आइलैंड्स, चीन, वियतनाम, फ्रांस, स्पेन, बेल्जियम, जिब्राल्टर और यूक्रेन की कंटेस्टेंट्स ने जगह बनाई. आखिर में मिस वर्ल्ड 2025 की विनर थाईलैंड की सुचाता चुआंगसरी ने अपनी सक्सेसर को ताज पहनाया. इसके साथ ही डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल ने मिस वर्ल्ड 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया.
यह भी पढ़ें: ‘मिर्जापुर द मूवी’ बनी 2026 की तीसरी बिगेस्ट ओपनर, ‘आवारापन 2’ समेत तोड़े 8 फिल्मों के रिकॉर्ड