
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा अनुविभाग में कथित जहरीली और अवैध शराब पीने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद हड़कंप मचा है. नौराज, गूगरा खुर्द और आसपास के गांवों में शराब पीने के बाद लोगों के बीमार पड़ने की सूचना है. अलग-अलग जानकारियों में मृतकों की संख्या 11 तक पहुंचने की बात सामने आई है, जबकि 35 से ज्यादा लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी है. हालांकि, सीएमएचओ ने फिलहाल 9 मौतों की पुष्टि की है.
बताया जा रहा है कि शनिवार रात अलग-अलग गांवों के लोगों ने शराब का सेवन किया था. इसके बाद कई लोगों की हालत अचानक खराब होने लगी. कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण बताए जा रहे हैं. गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है. प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है और शराब पीने वाले लोगों की स्क्रीनिंग कराई जा रही है.
यह भी पढ़ें- रीवा में जिंदा मरीज को किया मृत घोषित, शव वाहन भी कर दिया बुक
कमिश्नर-आईजी समेत अफसर मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित गांवों में पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज की जानकारी ली. प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
6 शराब दुकानें सील, सैंपल लिए जाएंगे
एहतियाती कार्रवाई करते हुए बंडा क्षेत्र की छह शराब दुकानों को सील कर दिया गया है. दुकानों से शराब के सैंपल लेकर जांच के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि संदिग्ध शराब कहां से आई और इसकी सप्लाई किसने की.
प्रशासन की अपील- लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल जाएं
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे में शराब पीने वाले किसी व्यक्ति को उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हों तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराएं. प्रशासन के मुताबिक मौतों का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम, मेडिकल जांच और शराब के सैंपलों की फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- सागर में जहरीली शराब सप्लाई में सक्रिय था यूपी का रैकेट, 12 के खिलाफ FIR
