

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में इस वक्त भारी बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को 18 राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बन रही नमी की वजह से उत्तर भारत में फिलहाल मॉनसून एक्टिव दिख रहा है. जिसके चलते यहां बारिश हो रही है. पहाड़ी राज्यों में भी मॉनसून सक्रिय हैं, जिससे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश हो रही है. आज भी यहां अलग-अलग जिलों में बरसात की संभावना है. वहीं दिल्ली-NCR में बारिश पर ब्रेक लग गया है, जिससे यहां उमस भरी गर्मी का असर फिर दिखना शुरू हो गया है. ऐसे में दिल्ली के लोगों को एक बार फिर बारिश का इंतजार है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में भी बारिश की संभावना बन रही है. वहीं चित्रकूट में बाढ़ का पानी उतरना शुरू हुआ है, लेकिन यहां आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
सोमवार को 18 राज्यों में अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
यहां क्लिक करके देखिए अपने राज्य के मौसम का हाल
चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर बसे चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ आई हुई है. हालांकि कल कम बारिश होने से पानी कम हुआ है. लेकिन मौसम विभाग ने सोमवार को भी यहां बारिश का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में प्रशासन अलर्ट पर बना हुआ है. सीएम मोहन यादव ने भी चित्रकूट का दौरा किया था. उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन और तेज करने के निर्देश दिए हैं. मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने 31 अगस्त को सतना, चित्रकूट, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सागर, दमोह, दतिया जिलों में बारिश की संभावना है. एमपी भी इस हफ्ते अच्छी बारिश के संकेत हैं.
उत्तर प्रदेश में आज भी बारिश
उत्तर प्रदेश में आज भी वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, भदोही, शामली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में इस पूरे हफ्ते अच्छी बारिश होने की पूरी संभावना बन रही है. लगातार बारिश की वजह से कई जिलों में जलभराव की स्थिति हैं. यूपी मौसम विभाग के मुताबिक 31 अगस्त को मौसम में बदलाव दिख सकता है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर यूपी पर दिख रहा है, क्योंकि एक लाइन सीधे यहां से गुजर रही है. जिससे तेज बारिश का दौर जारी है.
इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
- यूपी, बिहार, झारखंड में 31 अगस्त 5 सितंबर के बीच अच्छी बारिश की संभावना है.
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में कही-कही 1 से 4 सितंबर के बीच बरसात हो सकती है.
- उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत आसपास के इलाकों में 31 अगस्त से 3 सितंबर तक भारी बारिश के आसार हैं.
- महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रेदश, केरल में 1 से 3 सितंबर के बीच कही-कही मध्यम बारिश के आसार बन रहे हैं.
बिहार में उफान पर गंगा नदी
बिहार में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है. पटना में दीघा समेत कई घाट डूबे हुए हैं, जबकि गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से बगहा, डुमरिया में अलर्ट जारी किया गया है. बिहार में 15 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. औरंगाबाद जिले में बीते 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है. बिहार में मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक लगातार बारिश की संभावना जताई है.
दिल्ली-NCR में बारिश का इंतजार
एक तरफ कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर जारी है. वहीं दूसरी तरफ दिल्ली-NCR में फिर बारिश पर ब्रेक लग गया है. बीते चार दिनों से बारिश नहीं होने से दिल्ली में उमसभरी गर्मी का असर फिर बढ़ना शुरू हो गया है. दोपहर के वक्त तेज धूप निकलने की वजह से गर्मी हो रही है. हालांकि मौसम विभाग ने अगले 1 से 2 दिनों में बारिश की संभावना बन रही है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति में उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है.
उत्तराखंड-हिमाचल में बिगड़ा मौसम
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम बिगड़ा हुआ है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 31 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, देहरादून, चमोली, चंपावत, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं हिमाचल प्रदेश में शिमला, लाहौल, कुल्लु, किन्नौर, कांगड़ा, हमीरपुर, चंबार, सिरमौर में बारिश की संभावना है.
ये भी पढे़ंः क्या ग्लेशियर टूटने से भारत में भी आ सकती है नेपाल जैसी तबाही? एक्सपर्ट ने बताया खतरों से कैसे निपटना होगा





