
दतिया जिले के बड़िनिया गांव स्थित गौरैया धाम सिद्ध बाबा स्थान के कथित बाबा और उसके साथियों पर ग्रामीणों ने करीब डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है. मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायत देकर मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की.
शिकायत में ग्रामीणों ने बाबा राधेश्याम के साथ कमल किशोर और संतोष बागला को भी कथित तौर पर मामले में शामिल बताया है. ग्रामीणों ने पुलिस को बैंक लेन-देन से संबंधित जानकारी, नकद रकम और जमीन से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे.
12 साल से बाबा के रूप में रह रहा था राधेश्याम
ग्रामीणों के मुताबिक, राधेश्याम पिछले करीब 12 वर्षों से बड़िनिया गांव में बाबा के रूप में रह रहा था. हर गुरुवार वो मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भभूति देता था. ग्रामीणों का कहना है कि बाबा लोगों की समस्याएं दूर करने और उनके काम पूरे कराने का भरोसा देता था. धीरे-धीरे क्षेत्र के लोगों में उसके प्रति विश्वास बढ़ गया.
रकम दोगुनी करने का लालच देने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि लोगों का भरोसा कायम होने के बाद बाबा ने उनसे पैसे लेना शुरू कर दिया. कुछ लोगों को रकम दोगुनी करने का लालच देकर बैंक खातों में पैसे जमा कराने की बात कही गई.
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बाबा जमीन के दस्तावेज दिखाकर जमीन बेचने की बात करता था. जब लोगों ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो उन्हें डराने-धमकाने लगा. शिकायत में परिवार के साथ अनहोनी होने की धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है.
दो अन्य लोगों पर भी भूमिका का आरोप
ग्रामीणों ने शिकायत में कमल किशोर और संतोष बागला के नाम भी शामिल किए हैं. उनका आरोप है कि कमल किशोर लंबे समय से बाबा के संपर्क में था और जमीन से जुड़े कामकाज को देखता था. ग्रामीणों ने पुलिस से पूरे मामले में बैंक खातों के लेनदेन, जमीन के दस्तावेज और नकद रकम से जुड़े दावों की जांच कराने की मांग की है.
2023 में कराया था यज्ञ, पदयात्रा से भी जुड़ा रहा नाम
ग्रामीणों के अनुसार, बाबा की ओर से वर्ष 2023 में यज्ञ का आयोजन कराया गया था. इसके बाद नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच दतिया से खाटूश्याम तक पदयात्रा भी निकाली गई थी. ग्रामीणों का कहना है कि पदयात्रा की शुरुआत तत्कालीन जिला प्रशासन की मौजूदगी में हुई थी. ऐसे आयोजनों के चलते लोगों का बाबा पर भरोसा और मजबूत हुआ.
पुलिस करेगी शिकायत और दस्तावेजों की जांच
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से बाबा राधेश्याम, कमल किशोर और संतोष बागला के खिलाफ FIR दर्ज करने, कथित तौर पर ठगी गई रकम वापस दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के साथ दिए गए दस्तावेजों और आरोपों की जांच की जाएगी. बैंक लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
सेवढ़ा सिविल कोर्ट में चोरों का धावा, कई कमरों के तोड़े ताले
