खबर

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की यूपी के शामली में हत्या, हमलावरों ने मारी 14 गोलियां | Haryanvi Singer Ankit Balyan Shot Dead In Shamli Police Probe Underway



उत्तर प्रदेश के शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाला पटरी में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि अंकित बालियान को करीब 14 गोलियां लगीं. गंभीर हालत में पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के मुताबिक, शाम करीब छह बजे अंकित बालियान नाला पटरी स्थित म्यूजिकल स्टूडियो और फिटनेस सेंटर में जिम करने के बाद बाहर निकले थे. जैसे ही वह अपनी गाड़ी में बैठने के लिए पहुंचे, तभी हथियारों से लैस चार बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. 

मौके से फरार हो गए हमलावर

बदमाशों ने लगातार गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण सबूत जुटाकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है.

वारदात की सूचना मिलने पर शामली एसपी नरेंद्र प्रताप भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित करने की बात कही. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.

अखिलेश यादव ने क्या कहा? 

समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है. मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है. जाट समाज ने हमलावारों की गिरफ़्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी माँग बुलंद की है. उप्र का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है. इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के दृष्टिकोण से भी किये जाने की मांग उठ रही है. बेहद निंदनीय.”

परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम

वहीं, अंकित बालियान के शव को वर्मा मार्केट के बाहर रखकर परिजनों ने जाम लगा दिया. परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अंकित को लेकर पुलिस की कार्रवाई को लेकर वे संतुष्ट नहीं हैं. इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और हत्या के जल्द खुलासे की मांग पर अड़े हुए हैं.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.

यह भी पढ़ें: 86 साल पुराना दिल्ली रेस क्लब खाली होगा, बेदखली के सरकारी आदेश पर हाईकोर्ट का राहत देने से इनकार






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button