खबर

दिल्ली पुलिस का सिपाही निकला ‘किडनैपर’, घड़ी कारोबारी को गुरुग्राम ले जाकर मांगी फिरौती; गिरफ्तार | Delhi Police Constable Arrested For Kidnapping And Extortion During Red Fort Ramleela Duty



उत्तर जिला दिल्ली के साइबर सेल में तैनात दिल्ली पुलिस के सिपाही को अपहरण और फिरौती जैसी गंभीर वारदात में संलिप्त पाया गया है. आरोपी सिपाही की पहचान मोईन अली के तौर पर हुई है. वह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है. वह 2024 बैच का सिपाही है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और विभाग ने उसे तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

लाल किले की रामलीला ड्यूटी के दौरान रची साजिश 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सिपाही मोईन अली की वर्तमान ड्यूटी लाल किले पर चल रहे रामलीला मेले में सुरक्षा के लिए लगाई गई थी. अपनी ड्यूटी और पुलिस विभाग की आड़ का फायदा उठाकर उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. 

मोईन अली ने एक वॉच सेलर को अपना निशाना बनाया. उसने उस व्यापारी पर चोरी की घड़ी बेचने का झूठा और बेबुनियाद इल्जाम लगाया. इसके बाद डर दिखाकर वह पीड़ित व्यापारी को जबरन दिल्ली से गुरुग्राम (हरियाणा) उठा कर ले गया.

गुरुग्राम से मांगी गई फिरौती 

गुमशुदगी और अपहरण का यह मामला तब खुला जब पीड़ित व्यापारी के जानकारों ने शिकायत पुलिस को की. गुरुग्राम से फिरौती के लिए फोन कॉल आने लगे. फोन करने वाले ने व्यापारी की रिहाई के एवज में लाखों में  फिरौती की मांग की. घबराए परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर जिला पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और पीड़ित की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया.

पुलिस जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा 

पुलिस टीम जब सर्विलांस और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर पीड़ित की तलाश करते हुए गुरुग्राम पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर खुद पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. जिस किडनैपर की तलाश में पुलिस खाक छान रही थी, वह कोई पेशेवर अपराधी नहीं बल्कि उनका अपना ही विभाग का सिपाही मोईन अली निकला. 

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सिपाही को दबोच लिया और सुरक्षित तरीके से पीड़ित घड़ी विक्रेता को उसके चंगुल से मुक्त करा लिया.

विभाग ने लिया कड़ा एक्शन

इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि विभाग में ऐसे भ्रष्ट और आपराधिक प्रवृत्ति के तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है. उच्च अधिकारियों के आदेश पर आरोपी सिपाही मोईन अली को तत्काल प्रभाव से पुलिस सेवा से निलंबित कर दिया गया है.

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में उसके साथ और कौन कौन लोग शामिल थे और क्या उसने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है. इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है.

यह भी पढ़ें: दो दिन से फोन बंद, बेटा ऐसा नहीं कर सकता… टाइगर श्रॉफ के हमलावर की मां ने कही किस्मत वाली बात




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button