

अगर जमीन खोदते ही सोना मिलने लगे या थोड़ी मेहनत करके किसी को अतिरिक्त आमदनी हो जाए तो कौन ऐसा होगा जो कोशिश नहीं करना चाहेगा? इस समय पश्चिमी केन्या के एक गांव चेपोरोर में भी बड़ी संख्या में लोग जमीन खोद रहे हैं. उम्मीद है कि उन्हें इतना सोना मिल जाए जिससे उनके घर की जरूरतें पूरी हो सकें.
पश्चिमी केन्या के चेपोरोर गांव में इस समय लगातार लोगों की भीड़ जुट रही है. BBC News की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोने की तलाश अचानक शुरू नहीं हुई. कुछ दिन पहले 33 साल के मानसे लोमाचार नाम के एक शख्स को सबसे पहले सोना मिला था. वह इलाके में अपनी गुम हुई बकरी को खोजने गए थे, लेकिन वहां जमीन खोदने पर उन्हें 3 ग्राम सोना मिल गया.
बाद में उन्होंने उस 3 ग्राम सोने को 36,000 केन्याई शिलिंग यानी करीब 280 डॉलर में बेच दिया. अब यह सिर्फ एक उदाहरण था, लेकिन जैसे ही यह खबर आसपास के गांवों तक पहुंची, दूर-दूर से लोगों का आना शुरू हो गया.
अधिकारियों के मुताबिक, सोना मिलने की उम्मीद इतनी बढ़ गई है कि एक दिन में 10,000 तक लोग यहां पहुंच रहे हैं. हालांकि, केन्या में नदी किनारे सोने की तलाश कोई नई बात नहीं है. पिछले कई सालों से लोग इस उम्मीद में नदी किनारे रेत को छानते रहे हैं कि शायद थोड़ा-सा सोना मिल जाए.
इस समय इस गांव में ऐसे कई लोग आ रहे हैं जो सिर्फ अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए थोड़ा-सा सोना चाहते हैं. कोई अपने बच्चों की स्कूल फीस भरना चाहता है, तो किसी को घर की जरूरी चीजें खरीदनी हैं.
अब गांव में लोग सिर्फ मिट्टी खोदकर ही सोने की तलाश नहीं कर रहे बल्कि खुदाई के दौरान अगर पत्थर मिलते हैं तो उन्हें तोड़कर भी सोना खोजा जा रहा है.
BBC से बात करते हुए वेस्ट कोट काउंटी के डिप्टी कमिश्नर ने लोगों के सोने की तलाश में जुटने की दो बड़ी वजहें बताईं. उनके मुताबिक, कुछ युवाओं को बड़ी मात्रा में सोना मिल गया था. इसके अगले ही दिन कुछ महिलाओं को भी अच्छा-खासा सोना मिला. जैसे ही अगस्त के महीने में ज्यादा सोना मिलने की खबर फैली, लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचने लगे.
दिलचस्प बात यह भी है कि केन्या की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है और कई लोग गरीबी में जीने को मजबूर हैं. लेकिन यहां लोगों की सोने की तलाश ने कुछ दूसरे लोगों के लिए रोजगार के मौके भी पैदा कर दिए हैं.
जब बड़ी संख्या में लोग सोने की तलाश में गांव पहुंच रहे हैं, तो उन्हें खाने का सामान चाहिए, आराम करने के लिए जगह चाहिए और दूसरी जरूरी चीजों की भी जरूरत पड़ रही है. ऐसे में कुछ लोग वहीं पर अपना छोटा-मोटा कारोबार शुरू करके इन लोगों से कमाई कर रहे हैं.





