
आम आदमी और मरीजों को दवाइयों की अधिक कीमत वसूलने से बचाने के लिए औषध विभाग (Department of Pharmaceuticals) और राष्ट्रीय औषधीय मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने एक बेहद महत्वपूर्ण जनहित सलाह जारी की है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश के प्रत्येक नागरिक को किफायती दरों पर दवाइयां मिल सकें और किसी भी मरीज से दवाओं के तय मूल्य से अधिक पैसे न वसूले जाएं.
अगर आप से दवा के ज्यादा पैसे वसूले जा रहे हैं तो आप खुद से दवाओं के दाम को चेक कर सकते हैं. आप ऑनलाइन ही दवा के दाम को जांच सकते हैं. इस बारे में औषध विभाग ने जानकारी दी है.
कहां और कैसे चेक करें दवा के दाम
दवा खरीदने से पहले किसी भी केमिस्ट की दुकान या अस्पताल में लगी नई रेट लिस्ट को अवश्य देखें. आप Pharma Sahi Daam ऐप का उपयोग कर सकते हैं या आधिकारिक वेबसाइट nppa.gov.in पर जाकर आसानी से किसी भी दवा का सही और निर्धारित दाम देख सकते हैं. अगर किसी केमिस्ट या अस्पताल द्वारा आपसे दवाओं के निर्धारित नए दामों से ज्यादा पैसे वसूले जाते हैं, तो इसकी शिकायत तुरंत एनपीपीए से करें.

इस दिशा में Pharma Sahi Daam मोबाइल एप्लिकेशन और आधिकारिक पोर्टल एक बहुत ही प्रभावी डिजिटल माध्यम के रूप में कार्य कर रहे हैं. इसके जरिए ग्राहक अपने स्मार्टफोन पर ही किसी भी दवा की नई MRP घर बैठे जांच सकते हैं.
सरकार कर रही लोगों को जागरुक
औषध विभाग और एनपीपीए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और लिंक्डइन के माध्यम से भी लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं. सरकार की यह अपील है कि सभी नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, दवा खरीदने से पहले उसके दाम की जांच जरूर करें, और अगर अधिक मूल्य वसूला जाता है तो बिना झिझक के अपनी शिकायत दर्ज कराएं जिससे कि गलत वसूली पर लगाम लगाई जा सके.
यह भी पढ़ें | जन औषधि केंद्र खोलकर शुरू करें अपना मेडिकल स्टोर, 5 लाख रुपये तक की मदद; जानें ऑनलाइन आवेदन का तरीका





